लखनऊ में गणतंत्र दिवस परेड ने दिया एकता का संदेश
राजधानी के इतिहास में पहली बार आठ अन्य प्रांतों के कलाकार परेड में शामिल हुए और मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
लखनऊ (जेएनएन)। देश के 69वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने विधान भवन के सामने राज्यपाल परेड की सलामी ली। राजधानी के इतिहास में पहली बार आठ अन्य प्रांतों के कलाकार परेड में शामिल हुए और मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
परेड के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। इस दौरान राज्यपाल और सीएम ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।
लेफ्टीनेंट कर्नल रजत सिंह पवर की अगुवाई में परेड निकाली गई। इस दौरान सेना की 48 आर्मड रेजीमेंट, 14 गार्ड्स, 67 फील्ड रेजीमेंट, 38 फील्ड रेजीमेंट एंड 5 फील्ड रेजीमेंट, 831 लाइट रेजीमेंट, इंजीनियङ्क्षरग रेजीमेंट 64 असाल्ट इंजी. रेजीमेंट, 65 ब्रिज रेजीमेंट, 41 एनफेंट्री ब्रिगेट सिंगनल कंपनी, 201 काउंटर एक्सप्लोजिव डिवाइस यूनिट, 9 राजपूत, 8 कुमायूं, 15 मराठा लाइट, ऐनफेंट्री एवं 16 आसाम एवं 9 राजपूत रेजीमेंट ने शानदार प्रदर्शन किया।
पैदल टुकडिय़ों में गोरखा राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, एसएसबी, यूपी पुलिस, पीएसी, उत्तराखंड पुलिस, अरुणांचल प्रदेश पुलिस, बिहार पुलिस, होमगार्ड एवं एनसीसी के जवानों ने राज्यपाल को सलामी दी।
बच्चों ने दिखाई अद्भुत प्रतिभा
विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने परेड में बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। देश भक्ति गानों पर सेंट जोजफ इंटर कॉलेज, सीएमएस, ब्वाएज एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, लखनऊ पब्लिक स्कूल, एपीएस एकेडमी, रामेश्वरम इंटरनेशनल एकेडमी, बाल विद्या मंदिर, इरम इंटर कॉलेज एवं महिला कॉलेज के विद्यार्थियों ने अद्भुत प्रस्तुति दी। यह देखकर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने तालियां बजाकर विद्यार्थियों की हौंसला आफजाई की।
दिखी विभिन्न संस्कृतियों की झलक
इस वर्ष परेड में विभिन्न प्रदेशों की संस्कृतियों की झलक देखने को मिली। अरुणांचल का रिखम पद, बिहार की झिंझिया, हरियाणा का घूमर, मध्य प्रदेश का बधाई, मेघालय का शाद मस्ती, महाराष्ट्र का भोपाली से भैरवी, राजस्थान का चरी नृत्य, उत्तराखंड का घसियारी एवं उत्तर प्रदेश के मयूर नृत्य ने लोगों को आकर्षित किया। अलग-अलग प्रदेशों की संस्कृति एवं लोक नृत्य देखकर दर्शक खुशी से झूम उठे।