प्रख्यात शायर व लेखक जावेद अख्तर बेबाक, बोले- शराब ने बर्बाद किया मेरा समय, युवा इससे दूर रहें
Metaphor Litfest Lucknow: जावेद अख्तर ने प्रगतिशील लेखक आंदोलन, भारतीय साहित्य की परंपरा और धर्मनिरपेक्षता जैसे विषयों पर विचार साझा किए।

प्रख्यात गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर
HighLights
मेटाफर लिटफेस्ट में फिल्मकार इम्तियाज अली के साथ जावेद अख्तर का संवाद
'साहित्य को जमीन से जुड़ना होगा, तभी पहुंचेगा दुनिया के दिलों तक'
पुलिस को धैर्य और सूझबूझ से लेने पड़ते हैं फैसले
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मेटाफर लिटफेस्ट में फिल्मकार इम्तियाज अली के साथ 'जुबान, जमीन और जमाना' विषय पर संवाद में जावेद अख्तर ने ईश्वर और आस्था के विषय पर भी विचार रखे। हजरतगंज में ले प्रेस में आयोजित मेटाफर लिटफेस्ट में जावेद अख्तर ने अपने जीवन के निजी पहलू पर भी खुलकर बात की।
जावेद अख्तर ने स्वीकार किया कि युवावस्था में शराब पीने के कारण उनका काफी समय बर्बाद हुआ। बताया कि 1991 में शराब पीना पूरी तरह छोड़ दिया था। वह बहुत ज्यादा शराब पीते थे और कई बड़ी गलतियां भी शराब के नशे में कीं। युवाओं को सलाह दी कि संभव हो तो शराब से दूर रहें।
जमीन से जुड़ना होगा साहित्य को
प्रख्यात गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने कहा कि साहित्य को जमीन से जुड़ना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक लेखक मजदूरों और किसानों के घरों में जाकर उनकी जिंदगी का अध्ययन नहीं करेंगे, तब तक उनका साहित्य उस ऊंचाई तक नहीं पहुंच सकता, जहां उसे पढ़कर दुनिया के किसी भी कोने का इंसान कह सके कि यह मेरी जिंदगी की कहानी है। साहित्य में अपने देश की मिट्टी की गंध, परिचित चेहरे और आम लोगों के सुख-दुख दिखाई देने चाहिए।
साहित्य का काम केवल मनोरंजन करना नहीं
जावेद अख्तर ने प्रगतिशील लेखक आंदोलन, भारतीय साहित्य की परंपरा और धर्मनिरपेक्षता जैसे विषयों पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि साहित्य का काम केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि समाज को उसकी सच्चाई से परिचित कराना भी है। धर्म और धर्मनिरपेक्षता के सवाल पर अख्तर ने कहा कि देश में तर्क और विचार की ऐसी परंपरा रही है, जिसमें धार्मिक मान्यताओं पर सवाल उठाने की गुंजाइश थी।
उन्होंने कहा कि हजारों वर्ष पहले ऐसे विचार सामने आए, जो मृत्यु के बाद जीवन जैसी मान्यताओं को स्वीकार नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि दूसरे धर्म को सहन करने से ज्यादा जरूरी है कि उसके मानने वालों के साथ बराबरी और सम्मान का व्यवहार किया जाए। उन्होंने प्रगतिशील लेखक आंदोलन की विरासत और हजरत मोहानी के शेरों का भी उल्लेख किया। कहा कि साहित्यिक और सामाजिक आंदोलन किसी प्रस्ताव से अचानक शुरू नहीं होते, उनकी शुरुआत बहुत पहले से हो चुकी होती है।
राजनीति के आगे चलने वाली मशाल है साहित्य
सरोजनीनगर के विधायक भाजपा नेता राजेश्वर सिंह ने कहा कि हर शहर की अपनी एक जुबान होती है। कुछ शोर में बोलते हैं, कुछ धीमे, मगर लखनऊ का अपना अंदाज है। यहां आप कहना है भी तहजीब है और पहले आप कहना विरासत है। साहित्य राजनीति के आगे चलने वाली मशाल है। मुंशी प्रेमचंद ने साहित्य को समाज का रास्ता दिखाने वाली मशाल बताया था। उन्होंने कहा कि हर मोहल्ले में लाइब्रेरी बननी चाहिए। इसके लिए उन्होंने सरोजनीनगर में प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कभी इंसान की अज्ञानता ही उसका भगवान थी। जिसे हम समझ नहीं पाते हैं, उसे भगवान मान लेते हैं। आज भी तीन ऐसे क्षेत्र हैं, जिनके बारे में मनुष्य पूरी तरह नहीं जानता- परिस्थितियां, ब्रह्मांड और मृत्यु के बाद का जीवन।
पुलिस को धैर्य और सूझबूझ से लेने पड़ते हैं फैसले
पूर्व पुलिस अधिकारी डा. एपी माहेश्वरी ने अपनी पुस्तक 'अढ़ाई आखर' के जरिए पुलिसिंग की चुनौतियों के बारे में बताया। इस दौरान 'कहानी-काफिला' सत्र में लेखक मनोज राजन त्रिपाठी से संवाद में उन्होंने कहा कि अपराध और कानून-व्यवस्था से निपटना केवल नियमों का पालन करना नहीं है। कई बार पुलिस को कठिन हालात में संवेदनशीलता, धैर्य और सूझबूझ से फैसले लेने पड़ते हैं। पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ अपराधियों से निपटना ही नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे चल रहे दांव-पेच और अलग-अलग हितों को समझना भी होती है।
खुद से पूछें, क्या मैं वही हूं जो बनना चाहता था
मेटाफर लिटफेस्ट में लेखिका और आईएएस अधिकारी शुभ्रा सक्सेना की पुस्तक ‘इट मैटर्स अ लाट’ का विमोचन हुआ। शैल्वी के साथ संवाद में उन्होंने बरेली में बिताए बचपन और सिविल सेवा के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि पद और विशेषाधिकार के साथ जिम्मेदारी भी आती है। इसका उपयोग अवसर पैदा करने और न्याय सुनिश्चित करने में होना चाहिए। उन्होंने कहा, स्वयं से पूछें, क्या मैं वही हूं, जो बनना चाहता था, जवाब पर मनन करें।
स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में उतारना चाहिए
लेखक अंशुल चतुर्वेदी ने स्वामी विवेकानंद के दर्शन की वर्तमान प्रासंगिकता पर चर्चा की। ‘द विवेकानंद हैंडबुक फार एवरीडे लिविंग’ विषय पर चंद्रशेखर वर्मा के साथ संवाद में उन्होंने कहा, विवेकानंद को केवल पोस्टर और प्रचलित उद्धरणों तक सीमित रखने के बजाय उनके विचारों को जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि उम्र ज्ञान की गारंटी नहीं है। सीखने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहनी चाहिए। डा. अलका सिंह व डॉ. सोनिया तेवतिया ने औरतों और आदमी की परवरिश, उनकी सोच के फलस्वरूपों से निकले व्यवहारात्मक पक्षों पर बातचीत की। डॉ. सिंह ने कहा, समाज और देश को सशक्त बनने के लिए आदमी हो या औरत मानवता की परिभाषा को एक नए सिरे से समझना होगा।
लिखते समय लेखक, कलम व कागज के बीच कोई नहीं
प्रख्यात लेखिका ममता कालिया ने प्रेम, शादी, पारिवारिक रिश्तों और लेखन के बीच जिंदगी के कई दिलचस्प अनुभव साझा किए। लेखिका प्रीति चौधरी के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि उनके और पति की पृष्ठभूमि और भाषा भी अलग थी। ससुराल में माना जाता था कि उत्तर प्रदेश के लोगों को न ठीक से बोलना आता है, न खाना। उन्होंने हंसते हुए कहा, जीवनसाथी के रूप में रवि थोड़े मुश्किल थे, मगर आशिक के रूप में मुझे बहुत पसंद थे। लेखन की स्वतंत्रता पर ममता ने कहा कि लिखते समय लेखक, कलम और कागज के बीच कोई दूसरा नहीं होता। कोई घूंघट लगाकर नहीं लिखता, लेखन के समय व्यक्ति पूरी तरह अपनी अभिव्यक्ति में डूबा होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।