विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, आसान होगी मां पाटेश्वरी के दरबार से रामलला के जन्मभूमि की राह

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:12 PM (IST)

Tourism Circuit in UP: रेहरा बाजार को अयोध्या से जोड़ने वाला मनकापुर व तरबगंज तहसील क्षेत्र के प्रमुख राज्य मार्ग ...और पढ़ें

उतरौला-मनकापुर- नवाबगंज राज्य मार्ग के चौड़ीकरण

उतरौला-मनकापुर- नवाबगंज राज्य मार्ग के चौड़ीकरण 

HighLights

  1. 191 करोड़ 54 लाख से चौड़ा किया जाएगा रेहरा-मनकापुर-नवाबगंज मार्ग

  2. बलरामपुर व अयोध्या को जोड़ रही सड़क बनाई जाएगी दस मीटर चौड़ी

संवाद सूत्र, गोंडा। उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के अभियान में एक और मुकाम तय किया जा रहा है। अब लोक निर्माण विभाग देवीपाटन मंडल के प्रसिद्ध शक्ति पीठ मां पाटेश्वरी के दरबार से भगवान रामलला के जन्म भूमि तक की राह आसान बनाने की तैयारी में जुट गया है।

गोंडा में 38 किलोमीटर लंबे उतरौला-मनकापुर- नवाबगंज राज्य मार्ग के चौड़ीकरण पर 191 करोड़ 54 लाख रुपये व्यय होंगे। इसे सात के स्थान पर अब दस मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। इसके लिए करीब 47 करोड़ 88 लाख रुपये आवंटित कर दिए गए हैं।

रेहरा बाजार को अयोध्या से जोड़ने वाला मनकापुर व तरबगंज तहसील क्षेत्र के प्रमुख राज्य मार्ग रेहरा बाजार- मनकापुर-नवाबगंज मार्ग के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से चल रही थी। इसके चौड़ीकरण प्रस्ताव को अब शासन से स्वीकृति मिल गई है। मार्ग में पड़ रहे ट्रांसफार्मर व बिजली के खंभों को हटाने के लिए छह करोड़ 72 लाख व सड़क किनारे लगे हरे पेड़ों की काटने की अनुमति लेने के लिए वन विभाग को एक करोड़ 76 लाख रुपये दिए गए हैं।

मार्ग निर्माण हो जाने के बाद सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज, बलरामपुर के उतरौला के तमाम श्रद्धालु रेहरा बाजार व मनकापुर व नवाबगंज होते हुए सीधे अयोध्या धाम पहुंच कर रामलला की जन्म भूमि का दर्शन कर सकेंगे। उधर बभनान-दर्जीकुआं-मनकापुर के चालू सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 93 लाख 45 हजार व गुमड़ी-रेहरा -सादुल्लाहनगर नगर मार्ग के चालू सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए पांच करोड़ मिले हैं।

रेहरा-मनकापुर-नवाबगंज मार्ग गोंडा का एक प्रमुख और व्यस्त मार्ग है। यह मार्ग पश्चिम में गोंडा, उत्तर में रेहरा, और दक्षिण में नवाबगंज को आपस में जोड़ता है। यह अपनी संकीर्णता और भारी वाहनों के आवागमन के चलते अक्सर सड़क हादसों को लेकर चर्चा में रहता है, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली और तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इस मार्ग और क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने के लिए समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान और सड़क चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर काम किया जाता है।

मार्ग के चौड़ीकरण को स्वीकृति

अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग योगेंद्र सिंह ने बताया कि रेहरा-मनकापुर-नवाबगंज मार्ग के चौड़ीकरण को स्वीकृत मिल गई है। इसका निर्माण हो जाने के बाद श्रद्धालु मां पाटेश्वरी का दर्शन करने के बाद अयोध्या में रामलला के जन्म भूमि का दर्शन आसानी से कर सकेंगे। उन्हें खराब सड़क व जाम की झंझट से नहीं जूझना पड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।