विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रो. रामगोपाल यादव के पास 14.61 करोड़ की संपत्ति, हलफनामे में सोना, कार और हथियार भी हैं शामिल

Published: Wed, 30 Sep 2026 11:19 PM (GMT+05:30)

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी प्रो. रामगोपाल यादव ने नामांकन के हलफनामे में अपनी कुल संपत्ति 14.61 करोड़ रुपये घोषित ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. प्रो. रामगोपाल यादव ने 14.61 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की।

  2. छह वर्षों में संपत्ति में 41.40 लाख रुपये की वृद्धि हुई।

  3. उनके पास सोना, कार्बाइन और रिवाल्वर भी शामिल हैं।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी प्रो. रामगोपाल यादव ने नामांकन के साथ दाखिल हलफनामे में अपनी संपत्ति करीब 14.61 करोड़ रुपये घोषित की है। वर्ष 2020 के राज्यसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे में उनकी कुल घोषित संपत्ति 14.20 करोड़ रुपये थी। इस तरह छह वर्ष में कुल घोषित संपत्ति में करीब 41.40 लाख रुपये की ही बढ़ोतरी हुई है।

हलफनामे के अनुसार उनकी चल संपत्ति करीब 4.61 करोड़ रुपये है, जबकि अचल संपत्तियों का घोषित वर्तमान बाजार मूल्य करीब 10 करोड़ रुपये है। 2020 में चल संपत्ति करीब 2.09 करोड़ और अचल संपत्ति करीब 12.10 करोड़ रुपये घोषित की गई थी। यानी छह वर्ष में चल संपत्ति में लगभग 2.51 करोड़ रुपये की वृद्धि, जबकि अचल संपत्ति के घोषित मूल्य में करीब 2.10 करोड़ रुपये की कमी हुई है।

80 वर्षीय प्रोफेसर के पास 610 ग्राम सोने के आभूषण हैं जिनकी वर्तमान कीमत 88.50 लाख रुपये है। वर्ष 2020 में भी उनके पास इतना ही सोना था हालांकि उस समय इसकी कीमत 30.70 लाख रुपये ही थी। सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल के पास अमेरिका की बनी कार्बाइन विनचेस्टर व जर्मनी की बनी आर्मिनियस रिवाल्वर है।

दोनों की कीमत 40-40 हजार रुपये ही बताई गई है। हलफनामे में बैंक/वित्तीय संस्थानों का कोई ऋण नहीं बताया गया है, लेकिन अन्य व्यक्ति/संस्था के प्रति 99.86 लाख रुपये की देनदारी है। वर्ष 2020 में उनके पास मारुति सियाज और टोयोटा इनोवा समेत वाहनों का घोषित मूल्य 17.50 लाख रुपये था। अब उनके पास टोयोटा इनोवा हाईक्रास हाइब्रिड कार है जिसकी कीमत 33.19 लाख रुपये घोषित की गई है।

यह भी पढ़ें- 10.6 करोड़ की FD, 8.5 करोड़ के गहने... कौन हैं सपा के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज नाथवानी, जिनकी पत्नी भी हैं अरबपति