विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10.6 करोड़ की FD, 8.5 करोड़ के गहने... कौन हैं सपा के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज नाथवानी, जिनकी पत्नी भी हैं अरबपति

Published: Wed, 30 Sep 2026 10:34 PM (IST)

सपा के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज नाथवानी 105 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं, जिसमें उनकी पत्नी भूमि नाथवानी भी अरबपति हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. धनराज नाथवानी सपा के राज्यसभा प्रत्याशी, 105 करोड़ से अधिक संपत्ति।

  2. रिलायंस इंडस्ट्रीज के कंसल्टेंट, पत्नी भूमि नाथवानी भी अरबपति।

  3. परिवार की 288 करोड़ चल, 81 करोड़ अचल संपत्ति, वाहन नहीं।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज नाथवानी 105 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रोफेशनल कंसलटेंट धनराज नाथवानी और उनके परिवार (पत्नी व दो बच्चों) के पास 288.84 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति और 81.26 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति है। हालांकि इस परिवार के पास कोई भी वाहन नहीं है।

नामांकन के साथ दिए गए शपथ पत्र के अनुसार 39 वर्षीय धनराज नाथवानी ने वर्ष 2008 में नेशनल इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट मुंबई से कार्पोरेट ला और पब्लिक रिलेशन मैनेजमेंट में एमबीए की डिग्री हासिल की है। धनराज के पास लगभग 77.75 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है।

इसमें बैंकों में 10.62 करोड़ के एफडी, शेयर और म्यूचुअल फंड्स में 55.75 करोड़ से अधिक का निवेश शामिल है। 2.81 करोड़ रुपये का निवेश इंश्योरेंस और पीपीएफ में भी है। पत्नी भूमि नाथवानी के पास 211.10 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। इनके दो बच्चों के नाम 3.14 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। धनराज नाथवानी के पास 1.62 करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात हैं। वहीं पत्नी के पास 8.53 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण हैं।

सालाना आय 19.61 करोड़ 

नाथवानी परिवार के पास कुल 81.26 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इसमें कृषि भूमि, कमर्शियल दुकानें और फ्लैट्स शामिल हैं। धनराज के नाम पर 27.67 करोड़ की अचल संपत्ति गुजरात के कई शहरों के साथ ही मुंबई में है। भूमि नाथवानी के नाम पर 53.59 करोड़ की अचल संपत्ति अहमदाबाद है। आयकर रिटर्न में सपा प्रत्याशी ने सालाना आय 19.61 करोड़ रुपये घोषित की है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश के बयान पर केशव प्रसाद मौर्य का पलटवार, बोले- हमारे टच में उनके 25 विधायक, हम देंगे सरप्राइज

आय के मुख्य स्रोतों में प्रोफेशनल फीस, रेंटल इनकम और कैपिटल गेन शामिल हैं। बताया गया है कि उनका रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ प्रोफेशनल कंसल्टेंसी और मैनेजमेंट सर्विसेज प्रदान करने का अनुबंध है। वहीं पत्नी भूमि की सालाना आय 1.48 करोड़ रुपये से अधिक है। धनराज पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां हैं। उनके ऊपर कोई आपराधिक मामला नहीं है।