'करोड़पति उम्मीदवार, महंगी गाड़ियां और लाइसेंसी हथियार', राज्यसभा प्रत्याशियों की संपत्ति का ब्योरा आया सामने
राज्यसभा चुनाव के प्रत्याशियों के नामांकन के साथ उनकी संपत्ति का ब्योरा सामने आया है, जिसमें कई उम्मीदवारों और उनके ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
धर्मपाल सिंह की संपत्ति 2.64 करोड़ रुपये बढ़कर 5.58 करोड़ हुई।
प्रियंका रावत ने 5.80 करोड़ रुपये की भू-संपत्ति घोषित की।
कई प्रत्याशियों के पास सोना, चांदी, कारें और लाइसेंसी हथियार।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्यसभा चुनाव के प्रत्याशियों के नामांकन के साथ उनकी संपत्तियों का ब्योरा भी सामने आया है। शपथपत्रों के अनुसार कई प्रत्याशियों और उनके जीवनसाथियों के पास करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्तियां हैं। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की संपत्ति वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले 2.64 करोड़ रुपये बढ़कर 5.58 करोड़ रुपये हो गई है।
महिला प्रत्याशियों में प्रियंका रावत ने 5.80 करोड़ रुपये की भू-संपत्ति घोषित की है जबकि श्रुति गंगवार ने 4.96 करोड़ रुपये की संपत्ति का ब्योरा दिया है। राम प्रताप सिंह के पास 2.60 करोड़ और प्रकाश पाल के पास 2.29 करोड़ रुपये की संपत्ति है। कई प्रत्याशियों के पास सोना-चांदी, महंगी कारें और लाइसेंसी हथियार भी हैं, जबकि कुछ पर देनदारियां और मुकदमे भी दर्ज हैं।
धर्मपाल सिंह की साढ़े चार वर्ष में बढ़ गईं 2.64 करोड़ रुपये की संपत्तियां
प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री व राज्यसभा के प्रत्याशी धर्मपाल सिंह की साढ़े चार वर्ष में करीब 2.64 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां बढ़ गईं हैं। उनके व उनकी पत्नी के पास वर्तमान में 5.58 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां हैं। वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव में उनकी कुल संपत्तियां 2.94 करोड़ रुपये थी। उनके ऊपर किसी भी प्रकार की देनदारियां नहीं हैं।
धर्मपाल व उनकी पत्नी दोनों के पास 150-150 ग्राम सोना है जिसकी कीमत 46.55 लाख रुपये है। पत्नी के पास 5.32 लाख रुपये की पांच किलो चांदी भी है। उनके पास एक रायफल व एक रिवाल्वर भी है। मंत्री के पास वर्ष 2014 में पंजीकृत एक टाटा सफारी गाड़ी है जिसकी कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है। कृषि योग्य भूमि 11 जगह है। तीन आवासीय भवन भी हैं। उनके खिलाफ एक भी आपराधिक मामले लंबित नहीं हैं।
प्रकाश पाल के पास 2.29 करोड़ की चल-अचल संपत्ति
प्रकाश पाल के पास पत्नी समेत करीब 2.29 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। शपथ पत्र के अनुसार उनके बैंक खाते, राष्ट्रीय बचत योजना, डाक बचत, बीमा पालिसी समेत अन्य बचत और निवेश का कुल मूल्य 19.85 लाख रुपये हैं। उनके पास 26 ग्राम सोना भी है, जिसकी कीमत 3.67 लाख रुपये बताई गई है। पत्नी के नाम बैंक व विभिन्न बचत योजनाओं समेत कुल 41.23 लाख रुपये हैं। पत्नी के पास करीब 15 लाख रुपये के सोना व चांदी के आभूषण हैं। उनके नाम जमीन, प्लाट आदि अचल संपत्तियों का बाजार मूल्य 1.17 करोड़ रुपये है। पत्नी के नाम 50 लाख रुपये का एक आवासीय प्लाट भी है। किसी भी बैंक का कोई बकाया या ऋण नहीं है।
गोपी कृष्ण पांडेय के पास वेबले स्काट रिवाल्वर
गोपी कृष्ण पांडेय के पास 50 हजार रुपये और उनकी पत्नी के पास 25 हजार रुपये नकद हैं। पांडेय के पास 34.18 लाख रुपये मूल्य का सोना और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 69 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोना और चांदी के जेवरात हैं। उनके नाम पर सोनालिका ट्रैक्टर और पत्नी के नाम पर महिंद्रा थ्री-एक्सओ कार है। बैंक जमा, जीवन बीमा, एफडी, वाहन, वेबले स्काट रिवाल्वर आदि मिलाकर उनके पास 47.38 लाख रुपये और उनकी पत्नी के नाम पर 86.19 लाख रुपये की संपत्ति है।
पांडेय के नाम पर 70 लाख रुपये और पत्नी के नाम पर एक करोड़ रुपये मूल्य की कृषि भूमि है। पांडेय के नाम से 3.29 करोड़ रुपये और इनकी पत्नी के नाम से एक करोड़ रुपये मूल्य का आवासीय भवन है। इन्होंने शाहजहांपुर के श्री दैवी सम्पद ब्रह्मचर्य संस्कृत महाविद्यालय से शास्त्री की पढ़ाई की है।
विद्यासागर सोनकर के पास 4.50 करोड़ की चल संपत्ति, पत्नी के पास 1.03 करोड़ का सोना
विद्यासागर सोनकर व उनकी पत्नी के पास 4.50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां हैं। इनमें 8.91 एकड़ कृषि भूमि, करीब 925 ग्राम सोना और शस्त्र हैं। सोनकर ने अपने नाम 2.16 करोड़ रुपये और पत्नी रेखा ने 2.34 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। सोनकर पर कोई मुकदमा नहीं है। दोनों के विभिन्न बैंक खातों में कुल करीब 81.33 लाख रुपये जमा हैं। एलआइसी की दो पालिसियों में 30 लाख रुपये का निवेश दर्ज है, जबकि पत्नी के नाम चार पालिसियों में करीब 93 लाख रुपये का निवेश घोषित किया गया है।
उनके पास 175 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत करीब 10.24 लाख रुपये बताई गई है। वहीं पत्नी के पास 750 ग्राम सोना है, जिसकी घोषित कीमत करीब 1.03 करोड़ रुपये है। पत्नी के पास करीब पांच किलो चांदी भी है। वाहनों में टाटा सफारी, टवेरा और टाटा एस शामिल हैं। सोनकर के पास 2.50 लाख रुपये मूल्य की रिवाल्वर और 55 हजार रुपये की राइफल भी है।
राधाकांत के नाम पर है 45 लाख की कार, पत्नी के पास है ऑल्टो
राधाकांत ओझा के पास 45 लाख रुपये मूल्य की किया कार्निवाल कार है, जबकि पत्नी सुमित्रा ओझा के पास मारुति की आल्टो कार है। पत्नी के पास 490 ग्राम सोना व ढाई किलो चांदी है, जबकि उनके पास अंगूठी सहित मात्र 12 ग्राम सोना है। 68 वर्षीय राधाकांत पेशे से वकील हैं और उनकी पत्नी खेती का कार्य करती हैं।
दोनों के पास एक-एक लाख रुपये की नगदी है। उनके बैंक खातों में 2.25 करोड़ व पत्नी के खाते में 83.06 लाख रुपये है। एलएलबी उत्तीर्ण राधाकांत के पास प्रयागराज में दो मकान और उनकी पत्नी के नाम पर एक मकान है। दोनों के पास कृषि योग्य भूमि भी है।
प्रियंका रावत के पास 5.80 करोड़ की भू-संपत्तियां, एक पिस्टल भी
प्रियंका रावत के पास 86.53 लाख रुपये, जबकि पति रघुनाथ के पास साढ़े आठ लाख रुपये की चल संपत्तियां हैं। प्रियंका के पास 85 लाख रुपये, जबकि पति के पास 1.10 करोड़ रुपये की कृषि जमीन है। प्रियंका की भू-संपत्तियों का बाजार मूल्य 5.80 करोड़ आंका गया है। उनके पति के पास 2.65 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
प्रियंका पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी भी है। उनके पास आधा किलो सोना, पांच लाख रुपये कीमत का हीरा और दो किलो चांदी भी है। प्रियंका के पास 2018 में खरीदी गई पिस्टल भी है। उनके पास वर्ष 2007 माडल की कार है।
राम प्रताप सिंह के पास है 2.60 करोड़ रुपये की संपत्ति
राम प्रताप सिंह के पास 2.60 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां हैं। उनके पास रिवाल्वर के साथ ही 12 लाख रुपये का 80 ग्राम सोना और ढाई लाख रुपये की एक किलो चांदी हैं। पत्नी के पास 46 लाख रुपये का 300 ग्राम सोना और पांच लाख रुपये की दो किलो चांदी है।
आगरा के तीन बैंकों में 7.65 लाख रुपये जमा हैं। उनकी पत्नी के पास बैंक में 70 हजार रुपये हैं। उनके विरुद्ध लखनऊ के हजरतगंज और आगरा में दो मुकदमे भी दर्ज हुए हैं। लखनऊ का मुकदमा धरना प्रदर्शन और बलवा से जुड़ा है। उनके पास एक स्कार्पियो कार भी है और वह बैंक के पांच लाख रुपये से अधिक के कर्जदार हैं।
श्रुति के पास 4.96 करोड़ की संपत्ति लेकिन कार नहीं
बरेली निवासी श्रुति गंगवार के पास 4.96 करोड़ रुपये की संपत्तियां हैं, लेकिन उनके पास कोई कार या वाहन नहीं है। उन पर कोई आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं है। वर्ष 2000 में आइआइटी रुड़की से केमिकल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री ली। उनके पास 1.25 लाख और पति सुबोध सचान के पास 1.95 लाख रुपये नकदी है। श्रुति के पास 1.60 करोड़ रुपये मूल्य का 1125 ग्राम सोना व पांच किलो चांदी है।
पति के पास ढाई सौ ग्राम सोना है। उनके पति के पास जमीन और निवेश संबंधी संपत्ति का बाजार मूल्य 5.24 करोड़ रुपये आंका गया है। श्रुति और उनके पति पर बैंक की कोई देनदारी नहीं है। श्रुति के पास 2.93 करोड़ रुपये की चल और 2.17 करोड़ की अचल संपत्ति है। पति के पास 1.68 करोड़ करोड़ रुपये की चल और 2.25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां हैं।
