NEET Re-Exam 2026 के लिए अभ्यर्थियों को रेलवे भी दे रहा सुविधा, लखनऊ मंडल NR और NER करेगा स्पेशल ट्रेनों का संचालन
Special Trains For Re-NEET 2026: प्रशासन का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

लखनऊ मंडल एनआर और एनईआर करेगा स्पेशल ट्रेनों का संचालन
HighLights
री-नीट परीक्षा 21 को, लखनऊ में बनाए गए तीन दर्जन से अधिक केंद्र
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल से तीन स्पेशल अन रिजर्वड ट्रेन
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल भी 21 को संचालित करेगा दो स्पेशल अन रिजर्वड ट्रेन
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। नीट री-परीक्षा-2026 में 21 जून को शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने जहां रोडवेज की बसों में पचास प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है, वहीं उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे विशेष ट्रेन का संचालन करेगा। रेल प्रशासन का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
रोडवेज बसों में 20 जून और 21 जून को यात्रा की सुविधा दी गई है तो तीन अन रिजर्वड स्पेशल ट्रेन में अभ्यर्थी 21 जून को यात्रा कर सकेंगे। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल से तीन स्पेशल अन रिजर्वड ट्रेन और पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल से दो स्पेशल अन रिजर्वड ट्रेन का संचालन किया जाएगा, जिससे कि अभ्यर्थियों को अपने घर लौटने में असुविधा का सामना न करना पड़े।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल से तीन ट्रेन
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबधंक उत्तर रेलवे समर्थ गुप्ता ने बताया कि नीट री-परीक्षा-2026 (NEET Re-Exam 202) परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल विशेष अनारक्षित रेलगाड़ियों का संचालन करेगा। 21 जून 2026 को तीन विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल रेलगाड़ियों के संचालन किया जाएगा।
1- ट्रेन संख्या 04206 लखनऊ–वाराणसी जं. (अयोध्या कैंट मार्ग से): यह विशेष ट्रेन 21 जून को लखनऊ स्टेशन से सायं 17:55 बजे प्रस्थान करेगी। इसमें 11 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। यह ट्रेन लखनऊ के बाद बाराबंकी, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, गोशाईंगंज ,अकबरपुर, शाहगंज, जौनपुर एवं जफराबाद स्टेशनों पर ठहरेगी।
2- ट्रेन संख्या 04202 लखनऊ–प्रयागराज संगम (रायबरेली–ऊंचाहार मार्ग से) : यह विशेष रेलगाड़ी दिनांक 21 जून को लखनऊ स्टेशन से सायं 17:45 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन में 14 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। यह रेलगाड़ी बछरावाँ, हरचंदपुर, रायबरेली, लक्ष्मणपुर, ऊंचाहार, परियावां कालाकांकर रोड, गढ़ी मानिकपुर, कुंडा हरनामगंज, रामचौरा रोड, फाफामऊ तथा प्रयाग जं. स्टेशनों पर ठहरेगी।
3. गाड़ी संख्या 04208 वाराणसी जं.–पटना जं. (पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं मार्ग से): यह विशेष ट्रेन 21 जून को वाराणसी जं. से सायं 17:45 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी में कुल 12 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। यह रेलगाड़ी पं. दीनदयाल उपाध्याय जं., दिलदारनगर, बक्सर, आरा, दानापुर एवं पटना जं. स्टेशनों पर ठहरेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल से दो जोड़ी स्पेशल
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ के जनसम्पर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि लखनऊ मंडल प्रशासन 21 जून को गोरखपुर-लखनऊ-गोरखपुर के बीच दो जोड़ी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इन गाड़ियों में सामान्य द्वितीय श्रेणी के दस तथा एसएलआरडी के दो सहित कुल 12 कोच लगाये जायेंगे। सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे।
1- 05007 गोरखपुर-लखनऊ अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 21 जून को गोरखपुर से प्रात: 04: 05 बजे प्रस्थान कर खलीलाबाद से 04:56 बजे, बस्ती से 05:22 बजे, बभनान से 05:52 बजे, मनकापुर से 06:22 बजे, गोण्डा से 06:55 बजे, करनैलगंज से 07:24 बजे बाराबंकी से 08:38 बजे और बादशाहनगर से 09:20 बजे छूटकर लखनऊ जं. 10:00 बजे पहुंचेगी।
05008 लखनऊ-गोरखपुर जं0 अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 21 जून को लखनऊ जं. से 19:15 बजे प्रस्थान कर बादशाहनगर से 19:50 बजे, बाराबंकी से 20:28 बजे, करनैलगंज से 21:20 बजे, गोण्डा से 22:12 बजे, मनकापुर से 22:40 बजे, बभनान से 23:12 बजे, बस्ती से 23:42 बजे छूटकर अगले दिन खलीलाबाद से 00:08 बजे छूटकर गोरखपुर 01:15 बजे पहुंचेगी।
2- 05036 लखनऊ-गोरखपुर जं0 अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 21 जून 2026 को लखनऊ जं. से प्रात: 04:40 बजे प्रस्थान कर बादशाहनगर से 05:10 बजे, बाराबंकी से 06: 05 बजे, करनैलगंज से 06:54 बजे, गोण्डा से 07:33 बजे, मनकापुर से 07:59 बजे, बभनान से 08:20 बजे, बस्ती से 08:45 बजे, खलीलाबाद से 09:10 बजे छूटकर गोरखपुर 10:05 बजे पहुंचेगी।
05035 गोरखपुर-लखनऊ जं0 अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 21 जून को गोरखपुर से 19:15 बजे प्रस्थान कर खलीलाबाद से 19:57 बजे, बस्ती से 20:25 बजे, बभनान से 20:54 बजे, मनकापुर से 21:25 बजे, गोण्डा से 22:00 बजे, करनैलगंज से 22:31 बजे, बाराबंकी से 22:52 बजे, छूटकर अगले दिन बादशाहनगर से 00:32 बजे छूटकर लखनऊ जं 01:10 बजे पहुंचेगी।
रोडवेज बसों में 50 प्रतिशत किराया पर यात्रा
उत्तर प्रदेश सरकार ने नीट (NEET-UG) री-परीक्षा के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए UPSRTC (उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम) की बसों और लखनऊ सिटी बसों के किराये में 50 प्रतिशत की विशेष छूट की घोषणा की है। यह छूट केवल 20 जून और 21 जून को यात्रा करने वाले छात्रों के लिए ही मान्य है। बस में सफर करते समय छात्रों को अपना मूल NEET एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) कंडक्टर को दिखाना होगा। कंडक्टर सत्यापन के बाद एडमिट कार्ड की एक फोटोकॉपी अपने पास जमा करेंगे और आपको आधा किराया (चाइल्ड टिकट) का रियायती टिकट जारी करेंगे।
