लखनऊ में नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड, ब्रांडेड कंपनियों के पैकेट में हो रही थी सप्लाई
लखनऊ के नादरगंज क्षेत्र में नकली खाद फैक्ट्री पर छापेमारी पुलिस ने मजदूरों को हिरासत में लिया।
लखनऊ, जेएनएन। लखनऊ के कानपुर रोड स्थित नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया में नकली खाद बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यहां छापेमारी की। जिसमें भारी मात्रा में नकली खाद बरामद हुई। पुलिस ने फैक्ट्री में काम कर रहे तीन मजदूरों को भी गिरफ्तार कर लिया।
ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर पैक हो रही थी नकली खाद
फैक्ट्री में नकली खाद का बड़ा जखीरा जब्त किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस को कई ब्रांडेड कंपनियों के पैकेट भी मिले जिसमें ये नकली खाद पैक की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक नकली खाद को ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर बेचा जा रहा था।
ये हो रही थी मिलावट
खाद को नमक व गेरू और मौरंग से मिलाकर बनाया जा रहा था। मिलावटी खाद जिसमें ब्रांडेड कंपनी इफको डीएपी व उत्तम डीएपी, पोटाश, सल्फर आदि नाम से बनाई जा रही थी। वहीं नकली खाद नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री के मालिक का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पड़ताल में जुटी है, मौके पर इलाकाई पुलिस समेत क्षेत्राधिकारी कृष्णा नगर मौजूद हैं।
मौके से पकड़े गए मजदूरों के नाम-
नीरज रावत [अमरापुर थाना सोहरामऊ उन्नाव], सूरज रावत [ग्राम थाना सोहरामऊ उन्नाव], सर्वेश कुमार [हड़ाईन खेड़ा अमौसी थाना सरोजिनी नगर लखनऊ] है।
बंद पड़े गोदाम में चल रहा था अवैध धंधा
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के ही नादरगंज के गिन्दन खेड़ा निवासी गोदाम मालिक राजकिशोर यादव है। पूर्व में नादरगंज स्थित यहां रॉयल इनफील्ड का गोदाम संचालित था, लेकिन वर्तमान में रॉयल इनफील्ड का गोदाम बंद चल रहा है। यहां पर अवैध रूप से नकली खाद बनाने का धंधा फल-फूल रहा था।