आस्था से राजनीति तकः कामतानाथ के दर्शन कर मप्र में सियासी बिगुल फूंकेंगे राहुल
गुरुवार को प्रभु राम की तपोस्थली में कामतानाथ स्वामी व कामदगिरि के दर्शन कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मध्य प्रदेश में सियासी बिगुल फूंकेंगे।
चित्रकूट (जेएनएन)। गुरुवार को प्रभु राम की तपोस्थली में कामतानाथ स्वामी व कामदगिरि के दर्शन कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मध्य प्रदेश में सियासी बिगुल फूंकेंगे। सतना जिला अंतर्गत चित्रकूट क्षेत्र में नुक्कड़ सभा के बाद वह सतना में जनसभा को संबोधित करेंगे। बुधवार को पुलिस, एसपीजी और स्थानीय प्रशासन मैदान से लेकर मंच तक तैयारियां पूरी करने में जुटा रहा। फ्लीट को लेकर रिहर्सल भी किया गया।
कामदगिरि परिक्रमा की मान्यता
मान्यता है कि पितृपक्ष में कामदगिरि दर्शन व परिक्रमा से पूर्वजों की शक्तियां व्यक्ति में निहित हो जाती हैं। भगवान राम ने यहां राघव प्रयाग में पिता दशरथ का पिंडदान किया था। इससे पहले वर्ष 2016 में भी राहुल गांधी सितंबर में ही कामतानाथ के दर्शन कर चुके हैं। चित्रकूट कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज मिश्र का कहना है कि राहुल गांधी देश की जनता से झूठ बोलने वाली भाजपा सरकारों का तर्पण करेंगे।
ऐसे होगा राहुल का आना-जाना
इलाहाबाद से हेलीकॉप्टर के जरिये पूर्वाह्न 11.10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सतना में चित्रकूट के रजौला स्थित नुक्कड़ सभा स्थल पर बने हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से सड़क मार्ग से 11.20 बजे वह कामदगिरि प्रथम मुखार बिंदु के दर्शन करेंगे। कामतानाथ स्वामी का आशीर्वाद लेने के बाद वह वापस नुक्कड़ सभा स्थल पहुंचेंगे। यहां कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र व संगठन मजबूती के टिप्स देने के बाद दोपहर 12.50 बजे वह सतना में जनसभा को संबोधित करने निकल जाएंगे। जिलाध्यक्ष पंकज ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष नुक्कड़ सभा के साथ साधु-संतों से मिलकर उनका भी आशीर्वाद लेंगे। किसानों से भी सभास्थल पर मुलाकात की संभावना है। कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।