पुरानी रंजिश में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, पिता पुत्र की हत्या में जेल जा चुका है घायल युवक
आशियाना के नटवा डीह में बुधवार देर की वारदात। सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस घटना को बता रही संदिग्ध।
लखनऊ, जेएनएन। आशियाना के नटवा डीह में बुधवार देर रात कुछ लोगों ने प्रॉपर्टी डीलर बिरहाना खेड़ा आशियाना निवासी संजय यादव को गोली मार दी। गोली पेट मेंं लगी, जिसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने सर्वर नगर निवासी संदीप यादव समेत तीन लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस एफआइआर दर्ज कर छानबीन कर रही है।
संजय के मामा के बेटे कुंदन के मुताबिक बुधवार रात करीब 10 बजे संजय अनूपखेड़ा आए थे। रात में पार्टी के बाद उन्होंने अपनी कार छोड़ दी और बुलेट से वापस घर जाने की बात कही। कुंदन ने संजय को बुलेट की चाभी दे दी। इसके बाद संजय वहां से रवाना हो गए। कुंदन ने बताया कि संजय अपना मोबाइल फोन भी छोड़ गए थे, जिसे वह अपने साथी दिवाकर के साथ देने के लिए गाड़ी से निकला।
रास्ते मे नटवा डीह के पास गाड़ी की लाइट में दो लोग भागते दिखे। वहीं संजय सड़क पर लहूलुहान पड़े थे और बुलेट किनारे गिरी हुई थी। कुंदन और दिवाकर आननफानन संजय को लेकर ट्रामा सेंटर पहुँचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। उधर, घटना की जानकारी पाकर आशियाना और बंथरा पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। पुलिस का कहना है कि बयानों में मतभेद आया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
बयान में लगाया संदीप पर आरोप
कुंदन का आरोप है कि संजय ने गुरुवार सुबह होश में आने पर बयान दिया कि उसे सर्वर नगर सरोजनी नगर निवासी संदीप ने साथियों संग गोली मारी है। पुुलिस का कहना है कि संदीप के पिता और भाई की हत्या में संजय और कुंदन जेल गए थे। वर्ष 2018 में दोनों छूटकर आए हैं। वहीं तीन अन्य आरोपित शेरा सिंह, गप्पू और गनेन्द्र अभी भी जेल में हैं। पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की छानबीन कर रही है।
पूर्व में धमकी देने का आरोप
संजय का आरोप है उन्हें पूर्व में संदीप ने धमकी दी थी। आरोप है कि संदीप ने संजय को रोकते हुए पहले गाली गलौज की और फिर गोली मार दी। पुलिस संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर आशियाना के मुताबिक सर्विलांस की मदद से आरोपितों और संदीप की लोकेशन बुधवार देर रात में कहां थी, इसकी छानबीन की जा रही है।