लखनऊ में प्राइवेट अस्पताल के आइसीयू प्रभारी ने प्रापर्टी कारोबारी के सीने में मारी तीन गोली, हालत गंभीर
Lucknow Crime: जमीन पर निर्माण कराने को लेकर हुए विवाद में शताब्दी अस्पताल के आइसीयू प्रभारी ने लाइसेंसी पिस्टल से प्रापर्टी कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

घटनास्थल पर जुटी भीड़
HighLights
प्रापर्टी डीलर के सीने में तीन गोली लगी, उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में कराया गया भर्ती
दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई
संवाद सूत्र, लखनऊ। राजधानी में गोसाईंगंज के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के खुर्दही में सोमवार दोपहर प्रापर्टी कारोबारी नईम को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सोमवार कारोबारी नईम को दोपहर में किसी ने मिलने के लिए खुर्दही बुलाया था। वह वहां पहुंचे ही थे कि हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के समय उनके साथ मौजूद बाउंसरों ने उन्हें संभाला और निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बाउंसरों के साथ पहुंचे थे कारोबारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय नईम के साथ बाउंसर भी मौजूद थे। सुशांत गोल्फ सिटी के ग्राम कटरा बक्कास में जमीन पर निर्माण कराने को लेकर हुए विवाद में शताब्दी अस्पताल के आइसीयू प्रभारी ने लाइसेंसी पिस्टल से प्रापर्टी कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रापर्टी डीलर के सीने में तीन गोली लगी। उसे उपचार के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपित मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगी हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। कई दुकानदारों ने एहतियातन दुकानें बंद कर दीं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में गोली मारने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। नईम अहिमामऊ के रहने वाले हैं। पुलिस प्रापर्टी विवाद, आपसी रंजिश और लेन-देन समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।