फिल्म दीवार के डायलाग से दिया प्रियंका ने विपक्षियों की दलील का जवाब, जानें क्या कहा कांग्रेस महासचिव ने
कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट के साथ अपलोड किया वीडियो क्लिप। विपक्षी दलों की दलील का कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिंदी फिल्म दीवार के मशहूर डायलाग की तर्ज पर यह कहते हुए जवाब दिया है कि मेरे पास बहन है।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। उप्र में कांग्रेस का बेस नहीं बचा होने की विपक्षी दलों की दलील का कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिंदी फिल्म दीवार के मशहूर डायलाग की तर्ज पर यह कहते हुए जवाब दिया है कि 'मेरे पास बहन है।' बुधवार को अपने ट्विटर हैंडल पर प्रियंका की ओर से अपलोड की गई वीडियो क्लिप में एक मीडियाकर्मी उनसे कांग्रेस के बारे में भाजपा समेत विपक्षी दलों की दलील के बारे में सवाल कर उनकी प्रतिक्रिया जानना चाहता है। वह उनसे कहता है कि विपक्षी दलों का कहना है कि जिस उप्र में जाति और धर्म के आधार पर चुनाव होते हैं, वहां कांग्रेस का कोई बेस नहीं बचा है। इसलिए प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं की बात शुरू की है।
मेरे पास बहनें हैं…
बहनें राजनीति में बदलाव लाएंगी।#लड़की_हूं_लड़_सकती_हूं pic.twitter.com/v2uVpsO1wA— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) December 22, 2021
इस पर प्रियंका ने मीडियाकर्मी से पूछा कि क्या उन्होंने फिल्म दीवार का मशहूर डायलाग सुना है? फिर कहा कि फिल्म में अपने भाई बने शशि कपूर से अमिताभ बच्चन ने कहा कि 'मेरे पास गाड़ी है, बंगला है, ये है, वो है..., तो शशि कपूर ने कहा कि 'मेरे पास मां है।' इसी कड़ी में प्रियंका ने कहा कि 'तो मैं कह रही हूं कि मेरे पास बहन है। उनका आशय उप्र की महिलाओं से था जिनकी आवाज वह बुलंद करने में लगी हैं। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा 'मेरे पास बहनें हैं...बहनें राजनीति में बदलाव लाएंगी।' गौरतलब है कि प्रियंका ने उप्र के विधान सभा चुनाव में महिलाओं को कांग्रेस के 40 प्रतिशत टिकट देने के ऐलान के अलावा उनके लिए अलग घोषणा पत्र भी जारी किया है।