UP में बढ़ते अपराध को लेकर प्रियंका वाड्रा ने फिर साधा निशाना, ट्वीट कर कसा तंज
प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर यूपी में बढ़ते अपराध पर एक बार फिर निशाना साधा है।
लखनऊ, जेएनएन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर यूपी में बढ़ते अपराध पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने 'हाथ कंगन को आरसी क्या पढ़े लिखे को फारसी क्या' मुहावरे के जरिये उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तंज कसा है।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि उप्र सरकार के नेता प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराध पर मेरे ट्वीट का कुछ भी झूठ मूठ जवाब दे दें, मगर पुरानी कहावत है ‘हाथ कंगन को आरसी क्या, पढ़े लिखे को फारसी क्या।’ उत्तर प्रदेश में अपराधियों के कारनामे चरम पर हैं और जनता पूछ रही है कि ऐसा क्यों?
दरअसल, मंगलवार को मुजफ्फरनगर में पुलिस पर फायरिंग कर गैंगस्टर को छुड़ा ले जाने वाली घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने यह ट्वीट किया है। प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर बढ़ते अपराध पर झूठा जवाब देने का आरोप भी लगाया। कुछ दिन पहले ही प्रियंका ने यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया था, जिसका यूपी पुलिस ने जवाब देते हुए अपराध कम होने का आंकड़ा पेश किया था।
इस घटना को लेकर किया ट्वीट
मुजफ्फरनगर में बदमाशों ने मंगलवार को कुख्यात रोहित उर्फ सांडू को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया। इस दौरान एक दारोगा के पेट में दो गोलियां लग गईं। बदमाश पुलिसकर्मी की इंसास राइफल लूट ले गए। हालांकि घटनास्थल से कुछ दूरी पर राइफल बरामद हो गई। दारोगा को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया।