विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एसटीएफ हिरासत में मौत पर इलाहाबाद हाई कोर्ट गंभीर, प्रतापगढ़ केस में न्यायिक जांच के दिए आदेश

Published: Tue, 25 Aug 2026 09:39 AM (IST)

प्रतापगढ़ में एसटीएफ हिरासत में हुई मौत के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने न्यायिक जांच का आदेश दिया है। 

इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ।

इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विधि संवाददाता, लखनऊ। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने प्रतापगढ़ में एसटीएफ की हिरासत में हुई मौत के मामले में न्यायिक जांच का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर मृत्यु से पहले की चोटों (एंटेमार्टम इंजरी) का उल्लेख है और स्वजन ने एसटीएफ कर्मियों पर यातना देकर मौत का आरोप लगाया है।

ऐसे में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 176(1-ए) के तहत न्यायिक जांच आवश्यक है।कोर्ट ने प्रतापगढ़ के जिला एवं सत्र न्यायाधीश को निर्देश दिया है कि वह मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को न्यायिक जांच कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करें।

कहा कि जांच प्रमाणित आदेश की प्रति पेश किए जाने के छह सप्ताह के भीतर, यथासंभव, पूरी की जाए और उसकी रिपोर्ट अगली सुनवाई पर सीलबंद लिफाफे में कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की जाए। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 27 अक्टूबर 2026 की तारीख तय की है।

न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान और न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्र की पीठ ने यह आदेश जाह्नवी सिंह की ओर से दाखिल एक आपराधिक रिट याचिका पर दिया। याचिका में 18 मार्च, 2024 को प्रतापगढ़ के संगिपुर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 41/2024 की जांच सीबीआइ अथवा किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की गई थी।

मामले में पहले कोर्ट ने पुलिस हिरासत में मौत होने के कारण धारा 176(1)(ए) सीआरपीसी के अनुपालन के संबंध में प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक से व्यक्तिगत हलफनामा मांगा था। बाद में राज्य की ओर से बताया गया कि मामला न्यायिक जांच के लिए पुलिस अधीक्षक को भेजा गया है। हालांकि, बाद की रिपोर्टों से स्पष्ट हुआ कि धारा 176(1-ए) के तहत न्यायिक जांच नहीं हुई थी।

कोर्ट ने यह भी पाया कि एसडीएम, सदर प्रतापगढ़ ने 16 अगस्त, 2024 को जांच की थी। इसमें मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए मौत को हृदयाघात के कारण स्वाभाविक बताया गया था।

दूसरी ओर, पोस्टमार्टम में मृतक के शरीर पर एंटेमार्टम चोटें दर्ज थीं। पीठ ने धारा 176(1-ए) का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस या न्यायालय/मजिस्ट्रेट द्वारा अधिकृत हिरासत में किसी व्यक्ति की मृत्यु या उसके गायब होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्राधिकार वाले न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा जांच की जानी है।

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, शहरी परिसर किरायेदारी विनियमन अधिनियम की पांच धाराएं असंवैधानिक घोषित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।