बांद्रा-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस की बिजली की सप्लाई ठप, इलेक्ट्रिक सप्लाई के सिस्टम में गड़बड़ी
Bandra-Gorakhpur Amrit Bharat: 139 पर शिकायत के बाद भी बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। लंबी दूरी की ट्रेन होने के कारण कई यात्रियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। र

बांद्रा से आ रही अमृत भारत एक्सप्रेस
HighLights
रसोई यान में नहीं तैयार हो सका खाना
डीआरएम ने ठीक कराई गड़बड़ी और जांच के आदेश
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बांद्रा से आ रही अमृत भारत एक्सप्रेस में रविवार को इलेक्ट्रिक सप्लाई के सिस्टम में गड़बड़ी आ गई। इसके चलते सभी बोगियों की बिजली की आपूर्ति ठप हो गई।
मोबाइल फोन की चार्जिंग नहीं होने से यात्रियों को दिक्कत हुई। रसोई यान में बिजली की आपूर्ति न होने से खाना बनाने का काम प्रभावित रहा। यात्रियों ने इसकी शिकायत की, इस पर डीआरएम ने गड़बड़ी ठीक करायी और जांच के आदेश दिए।
ट्रेन नंबर 15086 बांद्रा-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस की सभी बोगियों की सप्लाई बंद हो गई। बोगी एस-6 में यात्रा कर रहे यात्री श्रीकेश सिंह ने रेलवे से शिकायत दर्ज करायी। उन्होंने कहा कि 139 पर शिकायत के बाद भी बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। लंबी दूरी की ट्रेन होने के कारण कई यात्रियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। रसोई यान से खानपान की आपूर्ति प्रभावित रही। बीच रास्ते कई जगह इसकी शिकायत की गई। आन बोर्ड स्टाफ को सूचना देने के बाद गड़बड़ी ठीक हो सकी।
एसी बोगियों में कब्जा
ट्रेन 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की स्लीपर और एसी बोगियों में बिना टिकट के यात्रियों ने कब्जा कर लिया। यात्री अवनीत शाही ने स्लीपर क्लास बोगी में अवैध रूप से कब्जा जमाने वाले यात्रियों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करते हुए आरपीएफ से कार्यवाही की मांग की। एसी बोगी बी-1 में सफर कर रहे दीपक ने बिना टिकट यात्रियों के रास्ता बंद किये जाने की शिकायत की।
12 घंटे देर से आयी स्पेशल
फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की लेट लतीफी लगातार जारी है। रविवार को ट्रेन 04097 दरभंगा-शकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल 12 घंटे की देरी से आयी। यात्री विवेक ने इसकी शिकायत दर्ज करायी। ट्रेन 05101 गोरखपुर -शकूरबस्ती स्पेशल तीन घंटे की देरी से आयी। इसकी एसी सेकेंड बोगी ए-2 का एसी काम नहीं करने की शिकायत यात्री मनीष तिवारी ने दर्ज करायी। इसी तरह ट्रेन 05531 रक्सौल-आनंद विहार स्पेशल आठ घंटे की देरी से आयी। ट्रेन 19321 इंदौर-पटना एक्सप्रेस सही समय पर अपने के बाद भी लखनऊ स्टेशन के आउटर पर एक घंटा रोकी गई।