पोस्टर वार : लखनऊ में नीतीश कुमार को बनाया नरसिंह भगवान
राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण इन दिनों उत्तर प्रदेश में नेताओं का पोस्टर वार चरम पर है। लखनऊ में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भगवान नरसिंह के अवतार के रूप में दिखाया गया है। आज नीतीश कुमार लखनऊ में एक कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं।
लखनऊ। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण इन दिनों उत्तर प्रदेश में नेताओं का पोस्टर वार चरम पर है। लखनऊ में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भगवान नरसिंह के अवतार के रूप में दिखाया गया है। आज नीतीश कुमार लखनऊ में एक कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं।
जनता दल यूनाईटेड के अध्यक्ष तथा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज एक दिन के लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन से पहले उनका एक पोस्टर वायरल किया गया है। इस पोस्टर में नीतीश कुमार को भगवान नरसिंह के अवतार में दिखाया गया है। वह पोस्टर में शेषनाग पर बैठकर शराब, कुशासन और भ्रष्टाचार रूपी इंसान को अपनी जांघों पर रखकर चीरते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। पोस्टर फेसबुक पर उनके समर्थक युवा जनता दल युनाइटेड के पूर्व महासचिव रहे अभिषेक सिंह पटेल ने वायरल किया है। अभिषेक सिंह कुशीनगर जिले के फाजिलनगर विधानसभा से आते हैं।
आज लखनऊ में नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश में शराब बंदी अभियान की शुरुआत करने आ रहे हैं। चारबाग के रवींद्रालय में उनका कार्यक्रम होगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसान मंच के उत्तर प्रदेश में शराब और खनन माफिया के खिलाफ जन अभियान का बिगुल फूंकने राजधानी आ रहे हैं। रवींद्रालय में वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा कांग्रेस का पोस्टर वार सामने आ चुका है।
नीतीश कुमार का चुनावी अभियान
माना जा रहा है आज लखनऊ से ही नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी के विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज करेंगे। नीतीश कुमार आज 11:30 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जहां स्वागत किसान मंच के नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। दिन में 12:20 बजे वह अमौसी एयरपोर्ट से वीवीआईपी गेस्ट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे। गेस्ट हाउस वह 12:35 बजे पहुंचेंगे। वीवीआईपी गेस्ट हाऊस में किसान मंच के महाराष्ट्र समिति की नेता कविता दंभरे सात सदस्यीय दल के साथ उनसे मुलाकात करेंगी। इसके बाद वह किसान मंच के उत्तराखंड समिति के नेता भोपाल सिंह चौधरी के सात सदस्यीय दल से भेंट करेंगे। एक बजे मध्य प्रदेश किसान मंच समिति के नेता उमेश तिवारी के प्रतिनिधिमंडल से भेंट करेंगे। करीब सवा बजे लखनऊ सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ भेंटवार्ता करेंगे। इसके बाद दो दर्जन प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से उनकी भेंट होगी। उनकी इलाहाबाद छात्रसंघ के प्रतिनिधि मंडल से भी मुलाकात होगी। जिसमें अध्यक्ष रिचा सिंह भी रहेंगी। इसके बाद वह विश्राम करेंगे। दो जे नीतीश कुमार रवींद्रालय के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम साढ़े चार बजे तक उनका कार्यक्रम है। इसके बाद वह एयरपोर्ट रवाना होंगे।