लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
लखनऊ में मौसम का बदला मिजाज सामान्य से तीन डिग्री से कम रहा अधिकतम तापमान वापस लौटी ठंड स्वेटर जैकेट निकले।
लखनऊ, जेएनएन। होली पर बारिश! जी हां, इस बार मौसम ने होली पर भी नहीं बख्शा। मंगलवार को दिन में कई बार बूंदाबांदी हुई। राजधानी में कई इलाकों में हल्की बारिश हुई और ठंडी हवा चली। इससे मौसम ठंडा हो गया। कहा तो जाता है कि होलिका तापकर जाड़ा भाग जाता है। लेकिन, मौसम के मिजाज इस बार कुछ ज्यादा ही बिगड़े हैं। बारिश का जो सिलसिला मार्च की शुरुआत में शुरू हुआ था, वह जारी है। मंगलवार को होली के दिन बौछारें पड़ीं। बुधवार को भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते भी बदली और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना है। 14 मार्च तक बादलों की आवाजाही के साथ बौछारें पड़ती रहेंगी। 15 मार्च से इस पर विराम के आसार हैं। बारिश के चलते तापमान भी कम रहेगा, जिससे फिलहाल ठंड बनी रहेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता बताते हैं कि पाकिस्तान के करीब पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। साथ ही राजस्थान पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते प्रदेश में बदली और बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी में शनिवार के बाद बारिश पर विराम की उम्मीद है। हालांकि, प्रदेश में कुछ अन्य क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
27.5 पर पहुंचा अधिकतम तापमान
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 8.5 डिग्री कम 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में तेज हवा के साथ ओले भी गिर सकते हैं।