Move to Jagran APP

राजनाथ सिंह और महेंद्र नाथ के क्षेत्र से भाजपा का चुनावी बिगुल

यूपी में 15 महीने के कार्यकाल की संजीवनी और केंद्र सरकार के विकास की दम पर भाजपा ने अपनी पार्टी के दो नाथों के क्षेत्र से चुनावी बिगुल बजा दिया है।

By Nawal MishraEdited By: Published: Sun, 05 Aug 2018 08:24 PM (IST)Updated: Sun, 05 Aug 2018 08:24 PM (IST)
राजनाथ सिंह और महेंद्र नाथ के क्षेत्र से भाजपा का चुनावी बिगुल

लखनऊ (जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 और 29 जुलाई को राजधानी में करीब 64 हजार करोड़ रुपये निवेश की परियोजनाओं की आधारशिला रखकर विकास के एजेंडे से उत्तर प्रदेश जीतने की पहल की थी। अब भाजपा सरकार खास संसदीय क्षेत्रों से फिर बाजी जीतने की मुहिम में जुट गई है। रविवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्र लखनऊ और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के क्षेत्र चंदौली से इसकी शुरुआत हुई। 

loksabha election banner

 राजधानी के अटल साइंटिफिक सेंटर में राजनाथ खुद मौजूद थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और योगी सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद व विधायकों की उपस्थिति में राजनाथ ने अपने क्षेत्र के लोगों को करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात दी।

विकास का आंकड़ा गिनाया

राजनाथ सिंह ने किसी राजनीतिक दल पर हमला नहीं किया और न ही देश-दुनिया के किसी मसले पर बोले। वह अपने संसदीय क्षेत्र तक सीमित रहे और विकास के पैमाने पर लखनऊ में अपनी पहल से हुए विकास का आंकड़ा गिनाते रहे। राजनाथ ने अपना रिपोर्ट कार्ड खुद पेश किया। दरअसल, 938 करोड़ रुपये की चार सौ से ज्यादा परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बहाने उन्होंने अपने चुनावी अभियान का श्रीगणेश किया। समारोह शुरू होने से पहले ही मंच की संचालक ने उद्घोष किया था कि आज अटल के संकल्पों के सिद्ध होने का दिन है। वाजपेयी के संसदीय क्षेत्र का उत्तराधिकार संभाल रहे राजनाथ ने पूरी शिद्दत से अटल को याद किया। अटल के जमाने में बने शहीद पथ की याद ताजा की गई। राजनाथ ने अपने क्षेत्र में बड़ी परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए योगी और केशव के प्रति आभार जताया। गृह मंत्री भावुक थे और उन्होंने तो यहां तक दावा किया कि लखनऊ को विश्वस्तरीय शहर बनाएंगे। 

सपा-बसपा सरकार पर भाजपा का 15 माह भारी 

मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री दोनों विकास की इस यात्रा में बढ़ चढ़ कर आगे थे। योगी और केशव दोनों पूर्ववर्ती सपा-बसपा सरकारों पर निशाना साधने से नहीं चूके। लखनऊ में लोकार्पण और शिलान्यास की योजनाएं केशव के ही विभाग की थीं। केशव ने सपा के पांच वर्ष में निर्मित सड़कों पर अपनी सरकार के 15 महीने के निर्माण का आंकड़ा देकर विकास की बढ़त का सुबूत पेश किया। योगी ने इसे विस्तार दिया। योगी का कहना था कि पूर्ववर्ती सरकार की बवाल, अंधेरा, गुंडागर्दी, दंगा और फसाद ही पहचान थी। कहा कि सपा-बसपा के पांच-पांच वर्ष के कार्यकाल पर हमारा 15 माह ही भारी है। 

मेधावी छात्रों के गांवों का गौरव पथ और मिशन 2019

इस मौके पर वर्ष 2017 में हाई स्कूल पास 24 मेधावी छात्रों के गांवों की सड़कों का लोकार्पण किया गया जबकि 2018 में 88 मेधावी छात्रों के गांवों के लिए निर्माण और मरम्मत के कार्य का शिलान्यास हुआ। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के इन टॉपर छात्रों के गांव की सड़क को 'गौरव पथ' बनाकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मिशन 2019 के लिए छात्रों की एक बड़ी संख्या को आकर्षित और प्रेरित करने की पहल की। इन सड़कों के शिलापटों पर भी छात्रों का नाम होगा। ध्यान रहे कि मिशन 2019 में इस वय के छात्रों का एक बड़ा तबका मतदाता होगा। केशव ने बदायूं के एक मेधावी छात्र धु्रव सागर का जिक्र किया जिन्होंने अपने घर की सड़क के बजाय स्कूल तक सड़क बनाने का अनुरोध किया था। केशव ने उस सड़क को बनवाने का एलान किया। गौरव पथ की स्मारिका में भी मेधावी बच्चों का पूरा ब्योरा दिया गया है। 

चंदौली में अमित शाह ने दिए चुनावी मंत्र 

डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के संसदीय क्षेत्र चंदौली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा उप्र सरकार और केंद्र सरकार के कई दिग्गज मंत्री आये थे। चुनावी बिसात पर विकास की गोटियां बिछाकर 2019 में संगठन के प्रदेश नेतृत्व की राह आसान करने की पहल साफ दिखी। शाह ने साफ कर दिया कि 2019 के चुनाव का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगा। उन्होंने चंदौली के लिए चुनावी मंत्र दिए और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। सपा और बसपा सरकार पर हमला करना भी नहीं भूले। मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलकर अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन हो गया है। इसके साथ ही चंदौली में कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय के अलावा रेल मंत्री पीयूष गोयल, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.