रायबरेली में लूट की सूचना देना बीजेपी के नगर अध्यक्ष को पड़ा भारी, उठा ले गई पुलिस
मलिक मऊ निवासी सोनम सिंह भाजपा के नगर कार्यकारिणी में महामंत्री है। सोनम की मां निजी काम के सिलसिले में गुरुवार की सुबह मेन रोड की तरफ जा रही थी तभी बाइक सवार बदमाश उनके झुमके छीन कर फरार हो गए। सोनम ने यह सूचना नगर अध्यक्ष अखिलेश को बताई।
रायबरेली, जेएनएन। मिल एरिया के मलिक मऊ में लूट होने की सूचना देना भाजपा के नगर अध्यक्ष को भारी पड़ा। आरोप है कि थानाध्यक्ष ने सरेआम उनके साथ बदसलूकी की और पकड़ कर गाड़ी में बैठा लिया। भाजपा नेता को थाने में रोक लिया गया। इसी बात से नाराज पार्टी के नेता थाना परिसर में ही धरने पर बैठे हैं। पुलिस अधिकारी मान मन्नवल में लगे हुए हैं।
मलिक मऊ निवासी सोनम सिंह भाजपा के नगर कार्यकारिणी में महामंत्री है। सोनम की मां निजी काम के सिलसिले में गुरुवार की सुबह मेन रोड की तरफ जा रही थी तभी बाइक सवार बदमाश उनके झुमके छीन कर फरार हो गए। सोनम ने यह सूचना नगर अध्यक्ष अखिलेश तिवारी को बताई। अखिलेश ने एरिया के थानेदार बृजेश राय को लूट की सूचना दी। थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और जांच करने लगे। तभी किसी बात को लेकर उनकी अखिलेश से झड़प हो गई।
उन्होंने नगर अध्यक्ष को घसीटते हुए गाड़ी में बैठाया और थाने लेकर चले गए। यह बात भाजपा नेताओं को पता चले तो आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में भाजपा नेता थाने पहुंच गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी महिपाल पाठक मौके पर पहुंचे और भाजपाइयों को मनाना शुरू किया। वह सब थानेदार को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं। धरना प्रदर्शन अभी चल रहा है। सीओ महिपाल पाठक ने बताया कि भाजपा नेताओं से बातचीत की जा रही है। जल्द ही विवाद का पटाक्षेप करा दिया जाएगा।