विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lucknow Murder: क्‍या केंद्रीय मंत्री के बेटे पर कार्रवाई से बच रही पुलिस, आर्म्स एक्ट में दर्ज नहीं की FIR

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
Published: Sat, 02 Sep 2023 09:03 AM (IST)

Lucknow Murder केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के घर पर दोस्‍त व‍िनय श्रीवास्‍तव की हत्‍या के मामले ...और पढ़ें

Lucknow Murder: केंद्रीय मंत्री कौशल क‍िशोर का बेटा व‍िकास क‍िशोर को बचा रही पुल‍िस
Lucknow Murder: केंद्रीय मंत्री कौशल क‍िशोर का बेटा व‍िकास क‍िशोर को बचा रही पुल‍िस

लखनऊ, जागरण संवाददाता। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर को पुलिस बचाने में लगी है, जबकि नियमत: विकास किशोर के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। विकास किशोर की घोर लापरवाही से शस्त्र का दुरुपयोग हुआ और विनय श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई। वहीं, इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी पिस्टल जब्त कर पुलिस सिर्फ शस्त्र निरस्तीकरण की कार्रवाई कर रही है।

शस्त्र लाइसेंस धारक के खिलाफ होनी चाहिए आर्म्स एक्ट की कार्रवाई

आपराधिक मामलों के विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आइबी सिंह ने बताया कि पूरे मामले में सेक्शन 30 आर्म्स एक्ट की कार्रवाई शस्त्र लाइसेंस धारक के खिलाफ होनी चाहिए। इसमें स्पष्ट है कि कोई भी व्यक्ति लापरवाही के साथ अपना शस्त्र नहीं रखेगा। शस्त्र को अपने पास अथवा सुरक्षित स्थान पर रखेगा। शस्त्र किसी अन्य व्यक्ति को नहीं दे सकता है। यह शस्त्र लाइसेंस का उल्लंघन है।

पुल‍िस ने नहीं की विकास किशोर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

शस्त्र धारक को आजीवन लाइसेंस दोबारा न जारी करने का प्रविधान है। इसके अलावा लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ ही आर्म्स एक्ट का मुकदमा शस्त्र लाइसेंस धारक के खिलाफ चलना चाहिए। इसके अलावा छह माह की कारावास और दो हजार रुपये जुर्माना हो सकता है। पुलिस ने यह कार्रवाई विकास किशोर के खिलाफ नहीं की। डीसीपी पश्चिम राहुल राज ने बताया कि प्राथमिक जांच में विकास के खिलाफ शस्त्र निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। विवेचना में जो भी अन्य तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर विकास किशोर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तफ्तीश चल रही है।

क्‍या है पूरा मामला

लखनऊ के दुबग्गा में केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के मकान में शुक्रवार की सुबह तड़के चार बजे भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बेगरिया फरीदीपुर निवासी विनय श्रीवास्तव भाजपा कार्यकर्ता था। केंद्रीय राज्यमंत्री के बेटे विकास किशोर उर्फ आशु के साथ रहता था।

शुक्रवार की सुबह तड़के चार बजे विनय के सिर में पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव बेड के पास जमीन पर पड़ा था। मौके पर अरुण प्रताप सिंह उर्फ बंटी, शमीम बाबा, अंकित वर्मा, अजय रावत सहित दो अन्य अज्ञात लोग मौजूद थे। परिजनों ने अजय, अंकित और शमीम पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामला के खुलासा करते हुए पुल‍िस ने बताया था क‍ि घटना नशे की हालत में घटी। जुए के खेल में जीत और हार के बाद शुरू हुआ यह विवाद इतना आगे बढ़ गया कि पिस्टल से गोली चल गई।