नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, गिरफ्तार Lucknow news
महिला थाने में पीडि़ता ने दर्ज कराई थी एफआइआर। मकान दिलाने की बात कहकर आरोपित ने हड़प लिए थे रुपये भी।
लखनऊ, जेएनएन। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीडि़ता ने महिला थाने में आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई थी। महिला के मुताबिक, वर्ष 2017 में उसकी मुलाकात अमितेश श्रीवास्तव नाम के युवक से हुई थी।
आरोप है कि अमितेश खुद को पत्रकार बताता था और उसने महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। एफआइआर के मुताबिक पीडि़ता को मकान खरीदना था। इसकी जानकारी अमितेश को हुई तो उसने उसे मकान दिलवाने की बात कही। इसके बाद 63 लाख रुपये में अपने परिचित पर्णीत दीक्षित व उनकी मां पूजा से उनके घर का सौदा तय किया और एडवांस रुपये ले लिए। एक माह बाद आरोपितों ने 10 लाख रुपये नकद और पांच लाख रुपये चेक से लिए। हालांकि मकान की रजिस्ट्री नहीं की और टरकाते रहे।
महिला के दबाव बनाने पर आरोपितों ने उसके पति से अमितेश के संबंध की बात बताने की धमकी दी। महिला ने पर्णीत पर भी उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता का कहना है कि आरोपितों ने करीब 25 लाख रुपये हड़पे हैं। काफी दिन तक आरोपितों ने जब महिला को मकान की रजिस्ट्री नहीं की और टरकाते रहे तो पीडि़ता ने एसएसपी से मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया।