पीएम नरेन्द्र मोदी का 21 को लखनऊ दौरा, राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह में 52 प्रशिक्षार्थियों को करेंगे सम्मानित
PM Narendra Modi: सीआईटीएस के तीनों राष्ट्रीय टापर लखनऊ के अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र के प्रशिक्षार्थी हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
HighLights
पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में होगा राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 52 प्रशिक्षार्थियों में उत्तर प्रदेश के छह
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 21 नवंबर को देश भर से जुटेंगे आईटीआई के विद्यार्थी
राज्य ब्यूरो, लखनऊ । राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह की मेजबानी पहली बार दिल्ली के बाहर हो रही है और इसका सम्मान उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को मिला है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 21 नवंबर को आयोजित होने वाले पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर के 52 आल इंडिया टापर प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे। वर्ष 2022 से 2025 तक लगातार चार बार यह समारोह नई दिल्ली में हुआ था। पहली बार दिल्ली से बाहर इसका आयोजन उत्तर प्रदेश में किया जा रहा है।
कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि सम्मानित होने वाले 52 प्रशिक्षार्थियों में उत्तर प्रदेश के छह मेधावी भी शामिल हैं। इनमें तीन अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) और तीन शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) के प्रशिक्षार्थी हैं।
इन सभी ने अपनी मुख्य परीक्षा में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। देश के 52 टापरों में 37 सीटीएस और 15 सीआईटीएस के प्रशिक्षार्थी हैं। प्रदेश के लिए खास उपलब्धि यह है कि सीआईटीएस के तीनों राष्ट्रीय टापर लखनऊ के अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र के प्रशिक्षार्थी हैं। इस आयोजन में देश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों से करीब 1000 से 1200 प्रशिक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। लखनऊ में राष्ट्रीय समारोह का आयोजन प्रदेश की प्रशिक्षण व्यवस्था की उपलब्धि है।
इससे युवाओं को कौशल प्रशिक्षण लेकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र, अलीगंज के निदेशक डीके सिंह के मुताबिक, यह संस्थान वर्ष 2015 से प्रदेश सरकार के अधीन संचालित है।
यहां सीआइटीएस के तहत 23 व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान के प्रशिक्षार्थी पिछले पांच वर्षों से लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशिक्षण सत्र 2024-25 में 10 व्यवसायों के 19 राष्ट्रीय टापरों में से 16 इसी संस्थान के थे। वहीं, सत्र 2025-26 में 19 व्यवसायों के 38 राष्ट्रीय टापरों में से 34 प्रशिक्षार्थी इसी केंद्र से निकले हैं। इनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं।
देवरिया, फैजाबाद व लखनऊ के प्रशिक्षार्थी
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 52 प्रशिक्षार्थियों में उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षा समारोह में इन सभी को सम्मानित करेंगे। सम्मानित होने वाले प्रशिक्षार्थियों में नीतेश चौरसिया (फिटर), आइटीसी देवरिया, काजल महावर (पेंटर), प्रोफेसर केके यादव आइटीसी, फैजाबाद, अब्दुल मोबिन (मैकेनिकल डीजल), राजकीय आइटीआइ अलीगंज, लखनऊ, शाहबाज खान (इलेक्ट्रानिक मैकेनिक), राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अलीगंज, लखनऊ, प्राची विश्वकर्मा (ड्रेस मेकिंग) और प्रतिभा (इलेक्ट्रीशियन), राजकीय आइटीओटी अलीगंज, लखनऊ शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।