काशी से बजेगा चुनावी बिगुल: 25 अक्टूबर को एयर-शो देखेंगे PM मोदी, विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी का दौरा करेंगे, जहां वे गंगा तट पर 20 लाख दर्शकों के साथ एयरशो देखेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पीएम मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी में एयरशो देखेंगे।
गंगा तट पर 20 लाख दर्शक होंगे मौजूद।
जनसभा को संबोधित कर चुनावी संदेश देंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पारा चढ़ने के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी दौरे से चुनावी स्वर तेज होंगे। वो 25 अक्टूबर को गंगा तट पर 20 लाख दर्शकों के साथ एयरशो देखेंगे, जहां से कई राजनीतिक संदेशों को उड़ान मिलेगी।
वह एक जनसभा भी संबोधित करेंगे, जिस पर सभी दलों की नजर होगी। यूपी में खदबदाते मुद्दों को छेड़कर नया विमर्श खड़ा कर सकते हैं। वहीं, काशी एवं गोरखपुर क्षेत्र के संगठन पदाधिकारियों के साथ संवाद की भी रणनीति है।
विधान सभा चुनाव के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश में भाजपा के बड़े नेताओं का दौरा और प्रवास तेज हो गया है। पार्टी जानती है कि मोदी के वाराणसी दौरे से निकला संदेश देश की राजनीति पर असर डालता है। राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जहां संघ और भाजपा की समन्वय बैठकों में पहुंचकर रणनीति बना रहे हैं, वहीं सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के साथ संवाद के जरिए चुनावी जमीन मजबूत की जा रही है।
नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर सात अक्टूबर को गुजरात से वाराणसी पहुंची कलश यात्रा को लेकर भव्य कार्यक्रम किए गए। काशी में कई मुख्यमंत्रियों का जमावड़ा हुआ। अब प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र के दौरे के बाद प्रदेश की राजनीतिक हलचल तेज होगी।
मोदी एक मिल का शिलान्यास करेंगे, वहीं पार्टी एक एक जनसभा की भी रूपरेखा बना चुकी है। माना जा रहा है कि मोदी किसी मुद्दे को छेड़कर चुनावी चर्चा की दिशा बदल सकते हैं। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के राजनीतिक वातावरण में बयानों के खूब तीर चले हैं।
सपा और भाजपा के बीच विधायकों को अपने पाले में करने संबंधी दावों की होड़ लगी हुई है। इसी बीच 11 क्षेत्रों में स्नातक एवं शिक्षक संवर्ग के एमएलसी चुनावों की कसरत चल रही है। भाजपा के संगठन में भारी बदलाव की वजह से पदाधिकारियों के सामने अनुभव की कमी है।
22 और 23 अक्टूबर को एयरशो का रिहर्सल किया जाएगा, जबकि 25 को फाइनल शो देखने मोदी पहुंचेंगे। काशी के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि गंगा घाटों को एयरशो के लिए विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। शो देखने के लिए युवाओं में काफी उत्साह है।
