वीकेंड पर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में घूमना हुआ मंहगा, अब जेब से खर्च करने होंगे इतने रुपये
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अब सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार को सैलानियों के लिए प्रवेश शुल्क बढ़ा दिया गया है। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
सप्ताहांत में पीलीभीत टाइगर रिजर्व का टिकट महंगा हुआ।
भारतीयों के लिए 150 से 200 रुपये, विदेशियों के लिए 1000 रुपये।
वन मंत्री की अध्यक्षता में पर्यटन दरों को मंजूरी मिली।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अब सैलानियों को सप्ताहांत यानी शनिवार व रविवार को घूमना महंगा होगा। यहां अब 150 रुपये के बजाय 200 रुपये प्रति व्यक्ति देना होगा। हालांकि अन्य दिनों में पहले की तरह 120 रुपये के टिकट पर सैलानियों को प्रवेश मिलता रहेगा।
इसके साथ ही विदेशी सैलानियों को अब 800 रुपये के बजाय एक हजार रुपये खर्च करने होंगे। बुधवार को पीलीभीत बाघ संरक्षण फाउंडेशन के शासी निकाय की बैठक में फाउंडेशन के कार्यों की समीक्षा के साथ पर्यटन सत्र 2026-27 की इन प्रस्तावित दरों और विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई।
वन मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में वन विभाग के मुख्यालय में हुई बैठक में पीलीभीत टाइगर रिजर्व और आसपास के क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
तत्काल सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश
मंत्री ने अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखते हुए ऐसी घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित ग्रामीणों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता बरतने तथा शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है।
यह भी पढ़ें- यूपी में 15 दिन पहले शुरू होगा पर्यटकों का रोमांच, इस तारीख से खुलेंगे प्रदेश के टाइगर रिजर्व और नेशनल पार्क
उन्होंने पीलीभीत टाइगर रिजर्व में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पर्यटकों को अधिक से अधिक पर्यावरण मित्र सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ वन और वन्यजीव संरक्षण के मानकों का भी पूरी तरह पालन किया जाए। प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी ने बताया कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व फाउंडेशन की आय के स्रोत बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में बनेंगे चार ROB और 4 नए पुल, 18 लाख की आबादी को होगा फायदा; हरौनी-केसरी खेड़ा आरओबी का काम शुरू
स्वैच्छिक दानदाताओं को फाउंडेशन में योगदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बैठक में राज्य मंत्री केपी मलिक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव प्रतिपालक अनुराधा वेमुरी, फील्ड निदेशक पीपी सिंह, उप निदेशक पीलीभीत टाइगर रिजर्व मनीष सिंह आदि उपस्थित थे।
