दो घटनाओं से शर्मसार हुआ लखनऊ: ड्यूटी से लौट रही युवती से कार में दरिंदगी, घर में अकेली युवती से दुष्कर्म
लखनऊ के काकोरी और पीजीआइ में हुई घटनाएं आशियाना में बहन के प्रेमी ने बनाया युवती को हवस का शिकार काकोरी में कार में युवती के साथ दुष्कर्म।
लखनऊ, जेएनएन। कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद भी लखनऊ में लड़कियां सुरक्षित नहीं रह गई है। नर्सिंग होम से काम करके वापस लौट रही एक युवती से कार में दुष्कर्म किया गया। वहीं दूसरी ओर घर में अकेला पाकर बहन के प्रेमी ने एक युवती से जबरदस्ती की। पुलिस ने दोनों ही मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
केस 1-दुबग्गा में बुधवार रात एक युवती काम खत्म करके वापस लौट रही थी। मलिहाबाद कसमंडी का रहने वाले राना सिंह ने युवती से एक काम के लिए साथ चलने को कहा। निजी अस्पताल के एंबुलेंस चालक राना सिंह को जब युवती ने मना किया तो उसने जबरन कार में बैठा लिया। आइआइएम रोड जॉगर्स पार्क चौराहे के पास सुनसान इलाके में कार को रोककर युवती से दुष्कर्म किया। युवती के विरोध पर उसकी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित राना सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
केस 2-आशियाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अपनी बहन के घर इलाज कराने आयी युवती को एक परिचित ने हवस का शिकार बनाया। आशियाना पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार किया। आशियाना थाना प्रभारी संजय राय ने बताया कि एक युवती का पीजीआइ के सरस्वतीपुरम के रोहित दुबे से प्रेम प्रसंग था। वह दोनों पांच महीने से एक साथ रह रहे थे। युवती की छोटी बहन लगभग एक माह से अपना इलाज कराने सरस्वतीपुरम में रह रही थी। शुक्रवार सुबह पीडि़ता की बड़ी बहन को आरोपी ने दूसरी जगह किराए का कमरा देखने के लिए भेज दिया। घर में छोटी बहन को अकेला पाकर उससे दुष्कर्म किया। पीडि़ता ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के दो घंटे के भीतर आरोपी पकड़ा गया।