आबकारी सिपाही की शारीरिक दक्षता परीक्षा सात से, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया कार्यक्रम
UPSSSC: अनुदेशक मशीनिष्ट पद के लिए दिसंबर के तीसरे सप्ताह में साक्षात्कार प्रस्तावित है। इस बीच रविवार को आयोग ने गन्ना पर्यवेक्षक और मोहर्रिर पदों की मुख्य परीक्षा आयोजित की।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग
HighLights
लेखा परीक्षक, वेटनरी फार्मासिस्ट समेत अन्य पदों की मुख्य परीक्षा की तिथियां घोषित
गन्ना पर्यवेक्षक के 1182 पदों के लिए 33,541 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग(यूपीएसएसएससी) ने दिसंबर में होने वाली भर्ती परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
इसमें आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025) में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा सात दिसंबर से प्रस्तावित है। लेखा परीक्षक, सहायक लेखाकार, विधान भवन रक्षक, पशुधन प्रसार अधिकारी और वेटनरी फार्मासिस्ट समेत विभिन्न पदों की मुख्य परीक्षाएं 20 से 22 दिसंबर तक होंगी।
लेखा परीक्षक एवं सहायक लेखाकार तथा विधान भवन रक्षक एवं विधान भवन अग्निरक्षक पदों की मुख्य परीक्षा 20 दिसंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पशुधन प्रसार अधिकारी और वेटनरी फार्मासिस्ट पदों की मुख्य परीक्षा 21 दिसंबर को दो पालियों में होगी।
महाधिवक्ता कार्यालय के कंप्यूटर संवर्ग की मुख्य परीक्षा 22 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। इसके अलावा अनुदेशक मशीनिष्ट पद के लिए दिसंबर के तीसरे सप्ताह में साक्षात्कार प्रस्तावित है। इस बीच रविवार को आयोग ने गन्ना पर्यवेक्षक और मोहर्रिर पदों की मुख्य परीक्षा आयोजित की।
गन्ना पर्यवेक्षक के 1182 पदों के लिए 33,541 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि मोहर्रिर के 92 पदों के लिए 447 अभ्यर्थी शामिल हुए। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर घोषित परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है।