चुनावी प्रक्रिया पर सवाल ना उठाकर अपने शासनकाल का हिसाब दें अखिलेश : पंकज चौधरी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्हें अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने का प्रयास बताया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी।
HighLights
पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के आरोपों पर किया पलटवार।
अखिलेश को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए।
चुनावी प्रक्रिया पर निराधार सवाल उठाना अनुचित है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा प्रमुख राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए बार-बार चुनावी प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। अखिलेश को आरोपों की राजनीति छोड़कर अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए।
चौधरी ने कहा कि सपा प्रमुख को जनता के फैसले का सम्मान करना सीखना चाहिए। मतदाता सूची का शुद्धिकरण निर्वाचन आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है।
राजनीतिक साजिश बताकर भ्रम फैलाना उचित नहीं है। यदि उन्हें चुनावी प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई देती है, तो उन्हें आरोप लगाने के बजाय ठोस प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए।
ईवीएम, मतगणना और चुनाव परिणामों पर निराधार सवाल उठाकर सपा अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती। कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित करने और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को प्राथमिकता दी गई है।
यह भी पढ़ें- ट्रेन यात्रियों का खाना तैयार करने वाली रसोई में मिले चूहे-गंदगी, फूड डिपार्टमेंट ने की 43 कैटरिंग यूनिटों की जांच
सपा प्रमुख को पुलिस और प्रशासन पर आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति को याद करना चाहिए। प्रदेश की जनता माफियाराज, अपराध और अराजकता के दौर को नहीं भूली है।
