पंचायत का फरमान : कन्नौज में महिला का मुंह काला कर पहनाई जूतों की माला
कन्नौज के तालग्राम में लड़की भगाने के मामले की पंचायत में जाने से इंकार करने पर महिला को मुंह काला कर जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया गया।
कन्नौज (जेएनएन)। कन्नौज के तालग्राम में लड़की भगाने के मामले में बुलाई गई पंचायत में जाने से इंकार करना महिला को भारी पड़ गया। प्रधानपति ने महिला को घर से खिंचवा लिया और उसका मुंह काला कर जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस घटना के बाद महिला आत्महत्या करने के लिए नदी की ओर भागी, लेकिन परिजनों ने उसे पकड़ लिया। घटना के मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की समझौता करवा दिया और इस तरह की किसी भी घटना के होने से इंकार कर रही है।
उत्तर प्रदेश के अन्य समाचार पढऩे के लिये यहां क्लिक करें
यह जघन्य वारदात ग्राम चांदापुर में पंचायत के दौरान अंजाम दी गई। गांव का एक युवक एक लड़की को लेकर फरार हो गया था। लड़की के पिता ने मां पर ही दोनों को भगाने में सहयोग करने का आरोप लगाया था। इसकी तहरीर भी लड़की के पिता ने तीन दिन पहले थाने में दी थी, लेकिन पुलिस की ओर से उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। 2 दिन पहले लड़की भी अपने बहनोई के घर पर वापस लौट आई थी। सोमवार को इसी मामले को लेकर ग्राम प्रधान के पति ने गांव में पंचायत बुलाई थी। जिसमें दोनों पक्षों के बीच वार्ता करवाकर निर्णय लिया जाना था। लड़की पक्ष के लोग तो पंचायत में मौजूद थे, लेकिन मां वहां पर नहीं आई। प्रधानपति ने गांव के ही कुछ युवकों को उसे बुलाने के लिये भेजा, लेकिन मां ने पंचायत में आने से इंकार कर दिया। इसके बाद पंचायत में बैठे प्रधानपति व अन्य पंचों का पारा चढ़ गया और सभी उसके घर पहुंच गये। उसके दरवाजे अंदर से बंद थे। कई बार आवाज दिये जाने के बाद भी महिला ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद प्रधानपति ने युवकों को छत के रास्ते से होकर उसके घर के अंदर घुसा दिया। युवकों ने महिला के साथ मारपीट करते हुये उसे घर से निकाल लिया। पंचों के आदेश पर युवकों ने पहले तो उसका मुंह काला किया और फिर उसे जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।