लखनऊ में 'तीसरे मोर्चे' का शक्ति प्रदर्शन, ओवैसी ने एनकाउंटर से लेकर मदरसे तक का उठाया मुद्दा; सपा पर भी साधा निशाना
लखनऊ में संविधान दिवस पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के तहत संयुक्त रैली की। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा पर निशाना साधा, हालांकि रैली में उम्मीद से कम भीड़ जुटी।

लखनऊ में असपा की चुनावी रैली में आजाद और ओवैसी। जागरण
HighLights
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ में संयुक्त रैली की।
'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के बैनर तले शक्ति प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के बैनर तले संयुक्त रैली को संबोधित किया।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने चुटकी ली और कहा कि बाबा बहुत दिन तक नहीं रहने वाले हैं। साथ ही ओवैसी ने इस बार चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का सीएम बनाने का दम भरा। ओवैसी ने यूपी में बढ़ते एनकाउंटर का विरोध किया। बीजेपी के साथ ही ओवैसी ने सपा पर भी वार किया। परिवारवाद पर चोट करते हुए कहा कि एक ही परिवार का राज, स्वराज नहीं कहलाता बल्कि इसके लिए समाज में बराबरी का होना जरूरी है।
बता दें कि लखनऊ में तीसरे मोर्चे असपा ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली में सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। इस महा रैली में मंच पर पहुंचे चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का माला पहनाकर स्वागत किया गया और दोनों ने हाथ उठाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
हालांकि जितने जोर-शोर से इस रैली को लेकर दावे हुए थे, वो पूरे नहीं हो पाए। असपा गठबंधन का दावा था कि रैली में उनके 5 लाख समर्थक इकट्ठा होंगे, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रैली में करीब एक लाख लोग ही इकट्ठा हो पाए हैं।