ठंड का प्रकोप : प्रदेश में शीतलहर ने 14 और लोगों को निगला
जानलेवा शीतलहर का सितम कम नहीं हो रहा है। प्रदेश में रविवार रात से सोमवार तक 14 लोगों को ठंड ने निगल लिया। कई जिलों में दिन में धूप खिलने लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही है। रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
लखनऊ। जानलेवा शीतलहर का सितम कम नहीं हो रहा है। प्रदेश में रविवार रात से सोमवार तक 14 लोगों को ठंड ने निगल लिया। कई जिलों में दिन में धूप खिलने लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही है। रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
दिन में धूप के बाद भी शीतलहर के चलते सोमवार को फतेहपुर व उन्नाव में तीन-तीन तथा महोबा व कन्नौज में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। फतेहपुर के कुल्हरपुरवा मजरे भदसरी गांव निवासी 55 वर्षीय राजाराम, उमरगहना गांव में 50 वर्षीय सुरेंद्र कुमार और सिठौरा गांव के 22 वर्षीय झल्लर यादव की ठंड से मौत हो गई। कन्नौज विशुनगढ़ के मोहल्ला बाथम निवासी हीरालाल बाथम ने सुबह ठंड लगने से दम तोड़ दिया। उन्नाव में सविता पत्नी कमलाकांत सकरन पुरवा और फूलदुलारी व तेजरानी भी सर्दी का शिकार होकर काल के गाल में समां गईं। महोबा में सर्दी की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हो गई। बीते 24 घंटों के दौरान प्रतापगढ़ और कौशांबी में ठंड से चार और लोगों की मौत हो गई। इलाहाबाद में सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्र्री सेल्सियस रहा जो रविवार के मुकाबले ज्यादा था।
कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव बलडीहा में रविवार की रात एक 50 वर्षीया महिला की मौत हो गई।
आगरा के गांव धर्मसिंहपुरा में किसान हरीशंकर (45) ठंड लगने से मौत हो गई। मुरादाबाद समेत रामपुर, सम्भल तथा अमरोहा में सुबह से ही धूप खिली रही। सुबह और रात के वक्त कोहरा छाया रहा। अलीगढ़ में सोमवार को खिली धूप ने ठंड का असर कम कर दिया। हाथरस में शीतलहर के थपेड़े चलते रहे। बरेली में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। कोहरे के कारण शनिवार रात हावड़ा से जम्मूतवी लौटने वाली 12331 हिमगिरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 20-22 घंटे देरी से चल रही थी। बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर पीलीभीत क्षेत्र में अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम चार डिग्र्री तक रहा।