विपक्ष ने पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटाने को सरकार की नौटंकी बताया
पेट्रोल-डीजल कीमतें कम किए जाने को विपक्ष ने भाजपा सरकारों की नौटंकी बताते हुए कहा कि जनता किसी बहकावे में आने वाली नहीं और सही समय पर जवाब देगी।
लखनऊ (जेएनएन)। पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम किए जाने को विपक्ष ने भाजपा सरकारों की नौटंकी बताते हुए कहा कि जनता अब किसी बहकावे में आने वाली नहीं और सही समय आने पर तगड़ा जवाब देगी।
ऊंट में मुंह में जीरा
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ढाई रुपये की कमी करने का नाटक जनता को बहकाने-भटकाने की साजिश का हिस्सा है। ऊंट के मुंह में जीरा जैसी राहत देने वाली सरकारों ने अब तक जनता को खौलते मंहगे तेल में खूब झुलसाया है। अब चुनाव सिर पर है और भाजपा की नाव डगमग है। ऐसे में दुखी लोगों को गुमराह करने का कोई लाभ नहीं मिलेगा।
जनता को झांसा दे रही भाजपा : राजबब्बर
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने आरोप लगाया कि सत्ता से विदाई की बेला आने पर भाजपा जनता को झांसा देने की कोशिशें कर रही है। पेट्रोल व डीजल के साथ रसोई गैस की आकाश छूती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ रखी है। यह स्पष्ट है कि भाजपा सरकार ने यह निर्णय जनता को राहत देने के लिए नहीं वरन तेल कम्पनियों के ध्वस्त होते शेयरों को बचाने के लिए किया है। भाजपा को आम आदमी से कभी कोई सरोकार नहीं रहा। पूंजीपति और सूटबूट वालों के हितों का ध्यान रखने वाली भाजपा को सबक सिखाने का जनता मन बना चुकी है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की विदाई और कांग्रेस की वापसी तय है।
जनता को गुमराह करने की साजिश : डा. मसूद
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद अहमद ने आरोप लगाया कि तेल की कीमतों में मामूली कमी कर भाजपा सरकारें जनता को गुमराह करने की साजिश कर रही हैं। किसानों व गरीबों पर लाठियां बरसाने वाली सरकारों से भलाई की आस लगाना फिजूल है। यह क्या गारंटी है कि अब दाम नहीं बढ़ेंगे? इस लुका छिपी के खेल से जनता खूब परिचित है इसलिए भाजपा अपने कुप्रचार से जनता को गुमराह करने पर लगी है। भाजपा की नीति और नीयत दोनों जनविरोधी है। वर्ष 2019 में जनाक्रोश असर दिखाएगा।