लखनऊ के अमरनाथ यात्री की दर्शन के बाद बालटाल में मौत
कश्मीर में मची अफरातफरी का असर अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं पर भी पड़ रहा है। आज लखनऊ निवासी अभिषेक चौरसिया का बालटाल में निधन हो गया।
लखनऊ (जेएनएन)। कश्मीर में मची अफरातफरी का असर अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं पर भी पड़ रहा है। रविवार को आलमबाग निवासी जवाहर लाल चौरसिया के बेटे अभिषेक चौरसिया (28) का बालटाल में निधन हो गया। उसके निधन होने की सूचना मिलते ही रामनगर के मंगलखेड़ा स्थित निवास पर कोहराम मच गया।
कश्मीर के हालात से संबंधित समाचार के लिए यहां क्लिक करें।
अभिषेक के भाई उमेश ने बताया कि रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे बात हुई तो वह ठीक था, लेकिन उसके बाद उसके निधन की सूचना आई है। उसके साथ गए यात्रियों का कहना है कि दहशत में उसके दिल की धड़कन रुक गई। पत्नी अंजू को निधन की खबर मिलते ही वह बेहोश हो गई। नंदी गौरी शंकर अमरनाथ सेवा संस्थान के शिव कुमार ने बताया कि 50 यात्रियों के साथ उनका बेटा राकेश कुमार पहलगाम में फंसा हुआ है। भंडारे के साथ सभी लोग वहां गए थे। सेना के जवानों की मदद से उन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अमीनाबाद के अमरनाथ सेवा संस्थान के ओम प्रकाश निगम का कहना है कि राजधानी से 27 श्रद्धालुओं के साथ दर्शन के लिए गए अमीनाबाद के राकेश कुमार से बात की गई। उन्होंने सभी के सुरक्षित होने और उपद्रवियों से भय की बात कही है। शिविरों में भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है। सेना के कैंपों में भी 800 से अधिक लोगों को ठहराया गया है।