विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सैफई सिंडिकेट का मेनीफेस्टो जारी करने वाले हैं अखिलेश...', कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने सपा प्रमुख पर फिर साधा निशाना

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:50 PM (GMT+05:30)

कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित चुनावी घोषणापत्र को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने इसे 'मनीफेस्टो' बताते हुए सपा के पूर्ववर्ती शासनकाल में कानून-व्यवस्था, वसूली और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर कटाक्ष किया।

कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा

कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा

HighLights

  1. राजभर ने सपा के घोषणापत्र को 'मनीफेस्टो' कहकर साधा निशाना।

  2. अखिलेश सरकार पर कानून-व्यवस्था, वसूली और भ्रष्टाचार के आरोप।

  3. राजभर ने अखिलेश के सत्ता वापसी के दावों का उड़ाया मजाक।

डिजिटल टीम, लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित चुनावी घोषणापत्र को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने घोषणापत्र को ‘मनीफेस्टो’ बताते हुए तंज कसा कि अखिलेश अपने ‘सैफई सिंडिकेट’ का पूरा मनीफेस्टो तैयार कर लें।

राजभर ने सपा पर साधा निशाना

इसके साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था, वसूली, जमीन कब्जे, स्वास्थ्य सेवाओं और आतंकवाद के आरोपितों से जुड़े मामलों को लेकर पूर्ववर्ती सपा सरकार को घेरा। राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मित्र अखिलेश यादव जी! सुना है आप चुनावी ‘मनी’फेस्टो जारी करने वाले हैं?” उन्होंने कहा कि घोषणापत्र को लेकर डींग हांकने के बजाय अखिलेश को अपने ‘मनीफेस्टो’ का मूल तत्व भी बता देना चाहिए।

हर जिले में ‘माफिया संरक्षक’ का कसा तंज

राजभर ने कटाक्ष किया कि सपा के ‘मनीफेस्टो’ की पहली घोषणा हर जिले में एक-एक ‘माफिया संरक्षक’ बैठाने की होगी। उसके नीचे हजारों युवाओं को हथियार देकर गुंडागर्दी का ‘पक्का रोजगार’ दिया जाएगा। महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों को खुली छूट देने की बात भी उन्होंने व्यंग्यात्मक तरीके से ‘मनीफेस्टो’ में शामिल बताई। राजभर ने गैर-यादव पिछड़ों के उत्पीड़न का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सिर उठाने की कोशिश करने वालों की जमीन कब्जाने, मारपीट करने और हत्या तक की छूट सपा के गुंडों को मिलने की बात इस ‘मनीफेस्टो’ में होगी।

थाना-मंडी तक ‘वसूली मित्रों’ की नियुक्ति

सुभासपा अध्यक्ष ने सपा शासन में वसूली और दलाली के आरोपों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने तंज कसा कि ब्लॉक और तहसील से लेकर थाना और मंडी तक ‘वसूली मित्रों’ की नियुक्ति का वादा होगा। जो जितनी दलाली करेगा, उसे ‘सैफई सिंडिकेट’ में उतना ही प्रमोशन मिलेगा। राजभर ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अस्पतालों में उपकरणों की खरीद, नकली दवाओं और ठेकेदारी में भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए इसे भी अखिलेश के कथित ‘मनीफेस्टो’ से जोड़ा। 

राजभर का सपा पर कटाक्ष 

उन्होंने आतंकवाद के आरोपितों से जुड़े मुकदमों को लेकर भी सपा पर कटाक्ष किया। राजभर ने कहा कि आतंकवादियों को संरक्षण देने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई से बचाने की व्यवस्था भी इस ‘मनीफेस्टो’ का हिस्सा होगी। साधु-संतों के साथ हुई घटनाओं और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार को घेरा। पोस्ट के अंत में राजभर ने अखिलेश के सत्ता में वापसी के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि न सरकार बनने वाली है और न ‘मनीफेस्टो’ के वादे पूरे करने का दबाव आएगा। इसलिए अखिलेश अपनी “ख्याली पतंग” उड़ाते रहें और लंबी-लंबी डींग हांकते रहें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।