UP की महिलाओं का हौंसला बढ़ाएंगी ओलिंपिक खिलाड़ी, 21 अगस्त को मिशन शक्ति के तहत होगा आयोजन
यूपी में मिशन शक्ति का तीसरा चरण 21 अगस्त से शुरू होकर दिसंबर तक चलेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने तीसरे चरण के प्रस्तावित कार्यक्रमों की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण देखा। मिशन शक्ति फेज-3 का मुख्य कार्यक्रम गृह विभाग तथा महिला कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति का तीसरा चरण 21 अगस्त से शुरू होकर दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को तीसरे चरण के प्रस्तावित कार्यक्रमों की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए संचालित वीमेन हेल्पलाइन '1090' का व्यापक प्रचार-प्रसार ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया जाए। अन्य हेल्पलाइन 181 व 112 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाए। महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उन्हें दी जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को संस्थागत प्रसव के तहत सहायता राशि समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बालिकाओं के लिए लागू की जा रही बेसिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षा की विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें दिया जाए। बालिकाओं को अच्छी शिक्षा प्रदान की जाए ताकि वे स्वावलंबी बन सकें। आंगनबाड़ी और आशा वर्कर को और प्रभावी बनाया जाए। रेलवे, बस स्टेशन, धार्मिक स्थलों पर मौजूद निराश्रित महिलाओं एवं बच्चों को संरक्षण गृहों में रखकर उनका पुनर्वास किया जाए। महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए अलग पार्क और जिम की व्यवस्था की जाए जहां वे सुविधापूर्वक अभ्यास कर सकें। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्षा बंधन के पर्व पर महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि 21 अगस्त को मिशन शक्ति फेज-3 का मुख्य कार्यक्रम गृह विभाग तथा महिला कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। जनपद स्तर पर 59 हजार ग्राम पंचायत भवनों में मिशन शक्ति कक्ष का शुभारंभ किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम से 200 महिलाओं को जोड़ा जाएगा। एक करोड़ से अधिक महिलाओं तक उत्तर प्रदेश सरकार का संदेश पहुंचाया जाएगा। ग्राम पंचायतों तथा जनपदीय कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम में एक मास्क व एक राखी का वितरण किया जाएगा।
मिशन शक्ति पहले और दूसरे चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाकर्मियों, स्वयं सेवी संगठन, स्वयं सहायता समूह, उद्यमी, ग्रामीण उत्थान के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी महिलाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया जाना भी प्रस्तावित है। इसमें महिला हॉकी टीम के अलावा पीवी सिन्धु, मीराबाई चानु तथा मुक्केबाज लवलीना बार्गोहैन शामिल हैं। दो विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाओं, सेना अथवा वायु सेना की महिला अधिकारियों, महिला न्यूज प्रेजेंटर, प्रदेश के स्वयं सहायता समूह की अग्रणी 5-10 महिलाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा।
अगस्त क्रांति से भी जुड़ेगा मिशन शक्ति : मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति को अमृत महोत्सव व अगस्त क्रांति ( नौ अगस्त) से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीदों के स्वजन कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाएं। मिशन शक्ति के तीसरे चरण में आयोजित होने वाले जनपदीय व अन्य कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा है।