CoronaVirus Lucknow News Update: लखनऊ में कोरोना से एक और मौत, बाराबंकी में तीन व सुलतानपुर में एक पॉजिटिव
CoronaVirus Lucknow News Update बुधवार को एक महिला में कोरोना संक्रमण पाया गया। वहीं बलरामपुर अस्पताल में भर्ती मरीज की कोरोना वायरस से मौत हो गई।
लखनऊ, जेएनएन। CoronaVirus Lucknow News Update: लखनऊ में बुधवार को कोरोना से जंग लड़ रहे मरीज की मौत हो गई। मृतक मरीज का इलाज बलरामपुर अस्पताल में चल रहा था। यह मौलवीगंज निवासी है। वहीं बुधवार को एक और मरीज को कोरोना की पुष्टि हुई है, इसे लेकर हर में संक्रमित मरीजों की संख्या अब 307 हो गयी है। वहीं, अब तक 279 डिस्चार्ज हुए। इसमें 46 बाहरी और 233 शहर के हैं। वहीं बाराबंकी में बुधवार को तीन व सुलतानपुर में एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है।
बाराबंकी में कोरोना के मरीजों की संख्या नौ हुई
जिले के फतेहपुर तहसील क्षेत्र में तीन लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव अाई है। इसमें फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र का एक और मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के एक गांव के दो लोग हैं। जिलाधिकारी डॉक्टर आदर्श सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिले व्यक्तियों को सुल्तानपुर के एल वन कोविड अस्पताल स्थानांतरित किया जा रहा है। साथ ही संबंधित गावों को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सीमाएं 26 मई तक सील कर आवागमन प्रतिबंधित करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सभी कुछ दिन पहले मुंबई से आए थे। इस प्रकार जिले में संक्रमित पाए गए लोगों सबसे ज्यादा 5 मुंबई, तीन गुजरात और एक लखनऊ से आए लोग हैं। इससे पहले दिल्ली से आया व्यक्ति संक्रमित पाया गया था, जोकि बाद में स्वस्थ हो गया है। वर्तमान में जिले में कोरोना संक्रमित नौ लोग हैं, जिनका सुल्तानपुर के कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले में हॉट स्पॉट की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
सुलतानपुर में कुल 25 मरीज
जिले में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज और मिला है। कुड़वार ब्लाक के रनकेडीह गांव में एक युवक का 8 मई को दिल्ली में सैम्पल लिया गया था। रिपोर्ट आने से पहले 14 मई को वह गांव आ गया था। उसे गांव के विद्यालय में क्वारंटाइन किया गया था। 19 मई को दिल्ली में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बुधवार को उसे केएनआईटी के लेवल वन हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। वहीं गांव को सील कर सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव के कुल 28 केस हो गए है। इनमें तीन मरीज ठीक हो चुके है। जिले में कुल संक्रमित की संख्या 25 हो गई है।
लखनऊ में कोरोना मरीज की मौत से अस्पताल में हड़कंप, इमरजेंसी बंद
मरीज मंगलवार दोपहर बलरामपुर अस्पताल में भर्ती हुआ था। उसके बाद आधे घंटे में मरीज की मौत हो गई। सैंपल जांच को भेजा गया। बुधवार को आई रिपोर्ट के बाद बलरामपुर अस्पताल में हड़कंप मच गया। उधर, अस्पताल में मुख्य इमरजेंसी सेवाएं बंद करदी गई हैं।
मुंबई से लौटी दोनों बहनों में मिला वायरस
आलमबाग बस स्टैंड के पास क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। इसमें ठहरे प्रवासी मजदूरों के सैंपल लिए गए। इनमें नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुंबई से लौटी एक ही परिवार की दो बहनें संक्रमित मिली हैं। साथ ही एक पुरुष भी संक्रमण की चपेट में आया है। ये तीनों मरीज मोहनलालगंज के हैं। इसके अलावा बंथरा, मलिहाबाद, हुसैनाबाद, निगोहा और नगराम ब्लॉक से एक-एक मरीज हैं।