अस्पताल में न मिले दवा या न हो ठीक व्यवहार, अब एक एप के जरिए मरीज सीधे दे फीडबैक
सिविल अस्पताल में एप से सुनी जा रही मरीजों की समस्या। बलरामपुर हॉस्पिटल में शीघ्र लागू होगी यह व्यवस्था।
लखनऊ(जेएनएन)। अगर आप इलाज से संतुष्ट नहीं हैं, डॉक्टर का व्यवहार ठीक नहीं है या फिर अस्पताल में दवाएं नहीं मिल रही हैं। यदि आपकी ऐसी समस्याएं है तो 'माय हॉस्पिटल' एप के जरिए सीधे अपनी बात रख सकते हैं। आपके फीडबैक के आधार पर अस्पताल की सेवाओं में सुधार किया जाएगा। यह व्यवस्था बलरामपुर अस्पताल में शीघ्र लागू किए जाने की कवायद है। वहीं, श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में 'ई-हॉस्पिटल' के साथ यह सेवा शुरू हो गई है।
केंद्र सरकार ने माय हॉस्पिटल एप शुरू किया है। इससे सूबे के कई अस्पतालों को जोड़ा गया है। इसमें केजीएमयू, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल व बलरामपुर अस्पताल भी शामिल है। इन अस्पतालों में डॉक्टर को दिखाने के लिए पर्चा ई-हॉस्पिटल की साइट से बनाया जा रहा है। साथ ही इस एप के जरिए ही डॉक्टर को दिखाने के लिए पंजीयन कराया जा सकता है। इसके बाद ओपीडी में डॉक्टर को दिखाया जा सकता है। इसके लिए बस, मरीजों को अपने मोबाइल में इस एप को डाउनलोड करना होगा। माय हॉस्पिटल एप के जरिए मरीजों से अस्पताल में मिल रही सेवाओं का फीडबैक भी लिया जाएगा। इसके बाद उस फीडबैक से संबंधित अस्पताल को अवगत कराया जाएगा। इसी आधार पर अस्पताल प्रशासन अपनी खामियों को दुरुस्त करेगा।
क्या कहते हैं अफसर?
- श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल अस्पताल) निदेशक के हिम्मत सिंह दानू का कहना है कि माय हॉस्पिटल एप के जरिए मरीजों का फीडबैक लिया जा रहा है। जो समस्याएं आ रही हैं उसका निस्तारण भी करा रहे हैं।
- बलरामपुर अस्पताल निदेशक डॉ. राजीव लोचन का कहना है कि ई-हॉस्पिटल पर ऑनलाइन पर्चा बना रहा है। अब एप से फीडबैक लेने के लिए सॉफ्टवेयर डेवलप किए जा रहे हैं।