अब कहानी विधा से रेडियो पर चलेंगी 10वीं-12वीं की कक्षाएं, शिक्षकों की हो रही तलाश
कोरोना के प्रकोप को देखते हुए लिया गया निर्णय रोचक ढंग से पढ़ाना होगा टॉपिक।
लखनऊ, (सौरभ शुक्ला)। राजधानी समेत पूरे सूबे में 10वीं के चार और इंटर के पांच विषयों की कक्षाओं का कहानी विधा के जरिये कम्युनिटी रेडियो के माध्यम से भी अब प्रसारण किया जाएगा। शासन के आदेश पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। यह व्यवस्था महामारी के वृहद रूप को देखते हुए और 10वीं तथा 12वीं के विद्याॢथयों के सत्र 2020-21 में बोर्ड की परीक्षा के मद्देनजर की जा रही है।
इन विषयों का होगा प्रसारण
10वीं के विषय : हिंंदी, संस्कृत, अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान। 12वीं के विषय : हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, नागरिक शास्त्र और इतिहास।
क्लास में होगी रिकॉर्डिंग
पहले शिक्षकों को कहानी विधा के अनुसार टॉपिक रोचक ढंग से पढ़ाना होगा। इन लेक्चरों की रिकॉर्डिंग होगी। उसके बाद समयानुसार रेडियो पर कक्षाओं का प्रसारण किया जाएगा।
हर जिले के पांच उत्कृष्ट शिक्षकों की मांगी सूची
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय ने सूबे के सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों और समस्त जिलों के डीआइओएस को पत्र भेजकर हर विषय के पांच-पांच उत्कृष्ट शिक्षकों की सूची मांगी है। शर्त यह है कि उक्त विषयों पर शिक्षकों की पूरी पकड़ हो। उनकी आवाज स्पष्ट होनी चाहिए। साथ ही विषय को कहानी विधा से पढ़ाने का उनमें गुण होना चाहिए। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि पूरे मंडल के शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है।
अभी इन माध्यमों से चल रहीं कक्षाएं
- कॉलेज के शिक्षकों द्वारा वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कक्षाओं का संचालन।
- दूरदर्शन के स्वयंप्रभा चैनल पर कक्षाओं का प्रसारण।
- प्रशासन के आदेश पर कम्युनिटी रेडियो के माध्यम से भी कक्षाओं के प्रसारण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
शिक्षकों को कहानी विधा से विषयवार रोचक तरीके से टॉपिक पढ़ाने होंगे। - सुरेंद्र कुमार तिवारी, संयुक्त शिक्षा निदेशक, षष्ठम मंडल, लखनऊ