Move to Jagran APP

ग्राम विकास की समीक्षा में चार घंटे गुजारेंगे भाजपा सांसद-विधायक और मंत्री

मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और ग्राम पंचायत स्तर पर एक से 15 जून तक ग्राम चौपाल लगेगी।

By Nawal MishraEdited By: Published: Thu, 24 May 2018 08:03 PM (IST)Updated: Sat, 26 May 2018 07:14 PM (IST)
ग्राम विकास की समीक्षा में चार घंटे गुजारेंगे भाजपा सांसद-विधायक और मंत्री
ग्राम विकास की समीक्षा में चार घंटे गुजारेंगे भाजपा सांसद-विधायक और मंत्री

लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा लोकसभा चुनाव में आने वाली चुनौतियों को दूर करने के लिए नई पहल करने जा रही है। मोदी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और ग्राम पंचायत स्तर पर एक से 15 जून तक ग्राम चौपाल लगेगी। भाजपा इन चौपालों के जरिये कमजोर कड़ी चिह्नित करेगी। यह ग्राम स्वराज अभियान का दूसरा चरण होगा। ग्राम चौपाल नाम वाले इस अभियान में एक बस्ती में शाम को चार घंटे की चौपाल में संगठन, चुनाव और विकास की दृष्टि से आने वाली सभी चुनौतियों की समीक्षा होनी है। हालांकि इन सबके पीछे भाजपा का मकसद मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाना है।

loksabha election banner

ग्राम स्वराज अभियान

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने इसके लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रवासी नेताओं की संस्तुति पर अफसरों को संबंधित गांवों में विकास संबंधी कार्यक्रमों को गति देने के निर्देश जारी होंगे। इस अभियान में प्रवासी और विस्तारकों से मिली रिपोर्ट के आधार पर पार्टी कमियों को दूर करेगी।

प्रदेश में केंद्र और प्रदेश सरकार की जिन योजनाओं का क्रियान्वयन ठीक से नहीं हुआ और पात्र लाभ से वंचित हैं, उन्हें लाभ दिलाने के साथ ही गांवों की बुनियादी समस्याओं को दूर किया जाना है। गरीबों के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी समीक्षा होगी। भाजपा ने जमीनी स्तर पर इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। पिछड़ा और दलित बहुल ग्राम सभाओं के बूथों पर बनी समितियों में हर जाति का प्रतिनिधित्व देने का साथ उन्हें पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध बनाने के लिए भी अभियान चल रहा है। 

चुनौतियों को दूर करने की पहल 

प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष से लेकर नगर निगमों के महापौर, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष, भाजपा के राष्ट्रीय, प्रांतीय, क्षेत्रीय और जिलों के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष और महामंत्रियों के प्रवास तय किए जा रहे हैं। शहर की एक और देहातों की तीन बस्तियों में इन नेताओं को जाकर सांगठनिक और चुनावी दृष्टि से आने वाली चुनौतियों को दूर करने के लिए मजबूत पहल करनी है। इस अभियान के समन्वयक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल का कहना है कि हर प्रवासी को एक दिन में एक ही चौपाल करना है। चौपाल सायं छह बजे से रात्रि दस बजे के बीच संपन्न होगी। इसके लिए जिलों में बैठकों में खाका तैयार कर लिया गया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.