Move to Jagran APP

भारत बंदः महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्ष का बिगुल

कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की मंहगाई, महंगे गैस सिलेंडर की मार, राफेल डील में भ्रष्टाचार जैसे अनेक मजदूर-किसान और आम जन विरोधी मुद्दों को लेकर सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया है।

By Nawal MishraEdited By: Published: Sun, 09 Sep 2018 07:55 PM (IST)Updated: Mon, 10 Sep 2018 08:57 AM (IST)
भारत बंदः महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्ष का बिगुल

लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विपक्ष ने बिगुल बजा दिया है। कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया है जबकि, समाजवादी पार्टी ने सभी तहसील मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन का फैसला किया है।

loksabha election banner

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने दावा किया कि यह विरोध पेट्रोल-डीजल समेत देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ है और आम जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। राष्ट्रीय लोकदल, लोकतांत्रिक जनता दल समेत कई राजनीतिक दलों ने भी सरकार के खिलाफ बंद का समर्थन किया है। 

बंद के अहम मुद्दे

  • पेट्रोल-डीजल की मंहगाई
  • मंहगे गैस सिलेंडर की मार
  • राफेल डील में भ्रष्टाचार 

मोदी सरकार सिर्फ उद्योगपतियों की चिंता 

भारत बंद के सिलसिले में रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राज बब्बर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि देश में महंगाई चरम पर है और मोदी सरकार सिर्फ उद्योगपतियों की चिंता में है कि उनको कैसे ज्यादा से ज्यादा फायदा दिया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कच्चे तेल के दाम घट रहे हैं तो यह सरकार क्यों देश की जनता की जेब पर महंगे तेल का बोझ डाल रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जिस तरह यह तय हो गया कि 2019 का चुनाव वर्तमान अध्यक्ष के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, उससे यह साफ है कि भाजपा को लोकतंत्र पर नहीं बल्कि चुनाव प्रबंधन पर विश्वास है।

राफेल घोटाले पर सवाल 

राजबब्बर ने कहा कि देश में राफेल घोटाले पर सवाल उठाये जा रहे हैं लेकिन, भाजपा सरकार और उनके नेता सिर्फ झूठ पर झूठ बोलते चले जा रहे हैं। उन्होंने राफेल मामले में अरुण जेटली के बयानों को झूठ बताया और कहा कि जनता सब जान गई है। राज बब्बर ने कहा कि भारत बंद पर जनता का अपार समर्थन मिल रहा है और राजनीतिक दल भी आगे आ रहे हैं। उधर, राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता अनिल दुबे ने कहा कि नेतृत्व के निर्देश पर हमारी पार्टी बंद का समर्थन करेगी। लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख महासचिव अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी पार्टी भारत बंद कर रही है। 

आज धरना-प्रदर्शन करेगी सपा

सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा प्रदेश के हर तहसील मुख्यालय पर सोमवार को धरना-प्रदर्शन करेगी। यह धरना प्रदर्शन प्रदेश में किसानों की बढ़ती परेशानी, पेट्रोलियम के दामों में वृद्धि और बेतहाशा महंगाई, कानून-व्यवस्था की बदहाली और छात्रों-युवाओं के दमन के मुद्दे को लेकर होगा।

समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने रविवार को बताया कि सपा के इस आंदोलन को जनता का अपार समर्थन है और इसीलिए सोमवार को सपा मुख्यालय में होने वाली जिला व महानगर अध्यक्ष, महासचिवों की बैठक निरस्त कर दी गई है। चौधरी ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों ने जनहित में एक भी योजना लागू नहीं की है। नोटबंदी और जीएसटी ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। इससे जनता में भारी आक्रोश है। अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी द्वारा जनता की समस्याओं को लेकर धरना दिया जायेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.