प्रियंका वाड्रा के फैसलों से असंतुष्ट वरिष्ठ कांग्रेसियों को नोटिस Lucknow news
दो बैठकें कर अपनी उपेक्षा पर बयां किया था दर्द पार्टी ने मानी अनुशासनहीनता। महासचिव वाड्रा नाराज ग्यारह पुराने कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर मांगा है जवाब।
लखनऊ, (राज्य ब्यूरो)। पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा के फैसलों पर असंतोष जताकर कुछ बदलाव की उम्मीद संजो रहे वरिष्ठ कांग्रेसियों को एक और झटका मिला है। इस रुख पर प्रियंका की त्योरियां चढऩे के बाद प्रदेश की अनुशासन समिति ने दो बैठकों में शामिल हुए ग्यारह वरिष्ठ नेताओं को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
संगठन में सिर्फ युवाओं को ही तरजीह दिए जाने के प्रियंका के निर्णय से वह कांग्रेसी खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, जो पिछले कई दशकों से पार्टी में काम कर रहे हैं। इनमें पूर्व जनप्रतिनिधियों से लेकर पूर्व पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। इन लोगों ने पिछले दिनों दो बैठकें कर अपना दर्द बयां किया और तय किया कि इस मुद्दे पर वे राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर बताएंगे कि कैसे ये फैसला पार्टी के हित में नहीं है।
इन वरिष्ठ कांग्रेसियों को उम्मीद थी कि उनकी नाराजगी को गंभीरता से लेकर पार्टी हाईकमान शायद निर्णय में कुछ बदलाव करे। बुधवार को हुई पूर्व विधायक और पूर्व प्रत्याशियों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आश्वस्त भी किया कि सभी वरिष्ठजनों को सम्मान दिया जाएगा।
इसी बीच गुरुवार को प्रियंका वाड्रा और अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर अनुशासन समिति के सदस्य पूर्व विधायक अजय राय ने इन पुराने कांग्रेसियों को अनुशासनहीनता पर नोटिस जारी कर दिए। राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी ने बताया कि इन सभी से 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इन्हें दिए गए नोटिस :
पूर्व सांसद संतोष सिंह, पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी, पूर्व मंत्री रामकृष्ण द्विवेदी, सत्यदेव त्रिपाठी, एआइसीसी सदस्य राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र, हाफिज मोहम्मद उमर, विनोद चौधरी, नेक चंद्र पांडेय, युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वयंप्रकाश गोस्वामी और पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह।