इस रेल बजट में नहीं बढ़ेगा किराया : मनोज सिन्हा
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का दावा है कि वर्ष 2016-17 के रेल बजट में रेल किराया नहीं बढ़ेगा। साथ ही इस बार भी बनारस को कोई नई ट्रेन नहीं मिलेगी। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा कल वाराणसी में थे।
लखनऊ। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का दावा है कि वर्ष 2016-17 के रेल बजट में रेल किराया नहीं बढ़ेगा। साथ ही इस बार भी बनारस को कोई नई ट्रेन नहीं मिलेगी। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा कल वाराणसी में थे।
रेल राज्यमंत्री ने कल वाराणसी में सिटी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में रखे हेरिटेज क्रेन (1970) का लोकार्पण करने के बाद कहा कि मंडुआडीह रेलवे स्टेशन पर 26 बोगियों वाली ट्रेन की साफ-सफाई के लिए वाशिंग पिट आज से काम करने लगी है। नई वाशिंग पिट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में रेल किराया नहीं बढ़ेगा। इसके साथ ही वाराणसी के यात्रियों की सहूलियत के लिए महामना व गरीब रथ में से किसी एक ट्रेन का दिन बदलेगा। रेल राज्य मंत्री ने बताया तक वाराणसी-इलाहाबाद रेल रूट के दोहरीकरण व विद्युतीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही मंडुआडीह-वाराणसी कैंट-सिटी स्टेशन के बीच भी एक लाइन बन रही है, जिससे ट्रेन के संचालन में हो रही असुविधा समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वाराणसी, मंडुआडीह व सिटी स्टेशन के लिए जितने भी प्रस्ताव भेजे गए हैं सभी स्वीकृत होंगे।
यूपी में बनेगी बीजेपी सरकार
मनोज सिन्हा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी। प्रदेश की जनता इसके लिए तैयार है। बनारस से एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशी न उतारने की बाबत कहा कि जिस तरह से जिला पंचायत व ब्लाक प्रमुख चुनाव में उत्तर प्रदेश सरकार ने मनमानी की, यह बताने की जरूरत नहीं है।