विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ- अयोध्या हाईवे पर ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, 442.61 करोड़ से बनेंगे सात अंडरपास और एक फ्लाईओवर

Published: Sat, 10 Oct 2026 08:39 PM (GMT+05:30)

Lucknow-Ayodhya Highway: एनएचएआई ने अंडरपास से वाहनों के यू टर्न करने के लिए ऐसा डिजाइन बनाया है, जिससे जाम न ...और पढ़ें

छह अंडरपास और एक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा

छह अंडरपास और एक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा

HighLights

  1. दादरा, भिटरिया, रानीमऊ, कुदासदत, भेलसर, सत्ती चौराहा व अर्कुना में बनेंगे अंडरपास

  2. एनएचएआई ने बाराबंकी के सफेदाबाद में फ्लाईओवर बनाने की शुरू की तैयारी

जागरण संवाददाता, लखनऊ : राजधानी लखनऊ से राम नगरी अयोध्या के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस कदम से रोज लाखों लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम और कठिन सफर से राहत मिलेगी।

लखनऊ- अयोध्या हाईवे पर 442.61 करोड़ रुपये की लागत से छह अंडरपास और एक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के मुख्यालय से परियोजना को हरी झंडी मिल गई है। इस परियोजना के पूरा होने से राजमार्ग पर आवागमन को बेहतर बनाने, यातायात के दबाव को कम करने और सड़क पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को घटाने में मदद मिलेगी।

मार्ग धार्मिक, पर्यटन और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण

लखनऊ से अयोध्या जाने वाला मार्ग धार्मिक, पर्यटन और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद इस मार्ग पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही में कई गुना वृद्घि हुई है। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है। अंडरपास दादरा, भिटरिया, रानीमऊ, कुदासदत, भेलसर, सत्ती चौराहा, अर्कुना में बनेंगे और सफेदाबाद में फ्लाइओवर बनेगा। दीपावली बाद निर्माण शुरू करने की तैयारी है।

ऐसा डिजाइन बनाया, जिससे जाम न लगे

एनएचएआई ने अंडरपास से वाहनों के यू टर्न करने के लिए ऐसा डिजाइन बनाया है, जिससे जाम न लगे। वाहन सुगमता से यू टर्न ले सके, उसके लिए बाक्स दाएं व बाएं अलग से होंगे। वहीं सीधे जाने वाले वाहनों के लिए अंडरपास अलग होगा। सीधे वाहन जाने के लिए जमीन के नीचे बाक्स तीस मीटर लंबा, 45 मीटर चौड़ा होगा, जो फोर लेन होगा।
यू टर्न वाले बाक्स पंद्रह-पंद्रह मीटर लंबे होंगे। सभी सातों अंडरपास इसी तरह बनाए जाएंगे। इन अंडरपास के बन जाने के बाद अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग से जाम, नाम की पूरी तरह से छुट्टी हो जाएगी। वाहनों का संचालन सुगम हो जाएगा।

प्रोजेक्ट का संक्षिप्त विवरण

लखनऊ से अयोध्या के बीच प्रस्तावित फ्लाईओवर और अंडरपास निर्माण कार्य लागत

  • सफेदाबाद में फ्लाईओवर 75.93 करोड़
  • दादरा में अंडरपास 32.83 करोड़
  • भिटरिया में अंडरपास 60.09 करोड़
  • रानीमऊ चौराहे में अंडरपास 44.69 करोड़
  • खुदा सादात में अंडरपास 70.96 करोड़
  • भेलसर में अंडरपास 60.93 करोड़
  • सत्ती बाजार चौराहा में अंडरपास 58.85 करोड़
  • अर्कुना में अंडरपास 38.33 करोड़।