मुरादाबाद में नए मंडलायुक्त की होगी तैनाती, आंजनेय कुमार सिंह का सिक्किम कैडर जाना तय
मुरादाबाद में जल्द ही नए मंडलायुक्त की तैनाती होगी क्योंकि सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति अवधि का विस्तार अब मुश्किल है।

आंजनेय कुमार सिंह के प्रतिनियुक्ति अवधि बढ़ाने पर इस बार नहीं बनी सहमति।
HighLights
मुरादाबाद में नए मंडलायुक्त की जल्द होगी तैनाती।
आंजनेय कुमार सिंह का सिक्किम कैडर लौटना तय।
प्रतिनियुक्ति अवधि विस्तार पर सहमति नहीं बनी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुरादाबाद में जल्द ही नए मंडलायुक्त की तैनाती की जा सकती है। यहां सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति अवधि बढ़ना अब मुश्किल है।
पहले ये माना जा रहा था कि उन्हें प्रदेश में काम करने के लिए अभी एक मौका और दिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि उच्च स्तर पर इसको लेकर सहमति नहीं बन पाई है। इसलिए उनका अपने मूल कैडर सिक्किम जाना तय माना जा रहा है।
आंजनेय कुमार सिंह वर्ष 2005 बैच के सिक्किम कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, उन्हें 15 फरवरी 2015 को यूपी में प्रतिनियुक्ति पर तैनाती मिली थी।
इसके बाद से लगातार प्रतिनियुक्ति विस्तार मिलता रहा। उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि इसी माह 14 अगस्त को समाप्त हुई थी। प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त होने के बाद वह लंबी छुट्टी पर चले गए।
पहले यह माना जा रहा था कि विधान सभा चुनाव के चलते उन्हें एक विस्तार और मिल सकता है, लेकिन उच्च स्तर पर बात नहीं बन पाई है। हालांकि पिछले वर्ष भी 14 अगस्त को समाप्त हुई प्रतिनियुक्ति 25 अगस्त को दोबारा एक वर्ष के लिए बढ़ गई थी।