यूपी में नए कॉलेज खोलने के लिए 31 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन आवेदन, शासन ने जारी किया शेड्यूल
उत्तर प्रदेश सरकार ने शैक्षिक सत्र 2027-28 में नए महाविद्यालय खोलने और मौजूदा संस्थानों में नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए समय-सारिणी जारी की है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अनापत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 अक्टूबर तक जमा करें।
भूमि संबंधी अभिलेखों का सत्यापन अगले वर्ष 5 जनवरी तक होगा।
संबद्धता प्रक्रिया अगले वर्ष 20 अप्रैल तक पूरी की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। शैक्षिक सत्र 2027-28 में नए महाविद्यालय या संस्थान खोलने और मौजूदा संस्थानों में बीएड को छोड़कर नए विषय व पाठ्यक्रम शुरू करने की प्रक्रिया अब तय समय में पूरी होगी। शासन ने इसके लिए 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन लेने से लेकर अगले वर्ष 20 मई तक अपीलों के निस्तारण की समय-सारिणी जारी की है।
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालयों में अनापत्ति के प्रस्ताव 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन जमा होंगे। भूमि संबंधी अभिलेखों का राजस्व विभाग से सत्यापन अगले वर्ष पांच जनवरी तक होगा।
संबंधित जिलाधिकारी को प्रस्ताव सात दिन में भेजना होगा और वह अधिकतम एक माह में रिपोर्ट ऑनलाइन भेजेंगे। अनापत्ति आदेश अगले वर्ष 20 जनवरी तक जारी किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के निर्णय के खिलाफ 30 जनवरी तक शासन में अपील की जा सकेगी, जिसका निस्तारण 20 फरवरी तक होगा।
निरीक्षण मंडल पांच मार्च तक गठित होगा और पांच अप्रैल तक निरीक्षण रिपोर्ट देनी होगी। संबद्धता 20 अप्रैल तक दी जाएगी। इसके खिलाफ 30 अप्रैल तक अपील और उसका निस्तारण 20 मई तक होगा।
भूमि सत्यापन में खतौनी, संयुक्तता प्रमाणपत्र और नजरी नक्शे की जांच होगी। निरीक्षण मंडल में विषय विशेषज्ञ और सदस्य सचिव होंगे। निरीक्षण की दो संभावित तिथियां पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएंगी। जरूरत पड़ने पर निरीक्षण रिपोर्ट का शासन स्तर पर दोबारा सत्यापन भी कराया जा सकेगा।
