Move to Jagran APP

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- सरकार की समीक्षा नहीं, विकास में करें सहयोग

लखनऊ में फूलों की बौछार और गगनभेदी नारों के बीच जब भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष मंच पर पहुंचे तो उनकी अगवानी के लिए संगठन और सरकार के शीर्ष नेता उत्साहित थे।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 19 Jul 2019 10:38 PM (IST)Updated: Sat, 20 Jul 2019 07:31 AM (IST)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- सरकार की समीक्षा नहीं, विकास में करें सहयोग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- सरकार की समीक्षा नहीं, विकास में करें सहयोग

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष और योगी सरकार के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरकार की समीक्षा न करें, बल्कि विकास में सहयोग करें। उन्होंने मोदी और योगी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए संगठन की विकास यात्रा बताई। कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जो सपना देखा वह मोदी-योगी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है। आज कश्मीर पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और जनसंघ के कारण भारत का अंग है। 

loksabha election banner

शुक्रवार की देर शाम स्वतंत्र देव भाजपा मुख्यालय में पदभार ग्रहण करने से पहले आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक पहुंचने में उन्हें सवा दो घंटे से ज्यादा समय लगा। बारिश, बैंड बाजों और ढोल-नगाड़ों की धुन, फूलों की बौछार, पटाखों की गूंज और गगनभेदी नारों के बीच जब स्वतंत्रदेव मंच पर पहुंचे तो उनकी अगवानी के लिए संगठन और सरकार के शीर्ष नेता उत्साहित थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा, संगठन महामंत्री सुनील बंसल समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद थे। सामने प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पदाधिकारी कतारबद्ध बैठे थे। कार्यकर्ताओं के हुजूम से भाजपा मुख्यालय खचाखच भरा था। संचालन कर रहे प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल घंटों से कार्यकर्ताओं को बांधे हुए थे।

स्वागत से अभिभूत स्वतंत्र देव को भाजपा में अपने पुराने दिन याद आये। उन्होंने सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के संघर्ष को स्मरण करते हुए कहा कि लखनऊ में अमित शाह ने फरिश्ते के रूप में कदम रखा और संगठन मर्मज्ञ के रूप में सुनील बंसल ने बड़े लक्ष्य की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने भाजयुमो का स्मरण करते हुए कहा कि आज जो कुछ हूं वह डॉ. दिनेश शर्मा की वजह से हूं। स्वतंत्रदेव ने कहा कि इस देश की संस्कृति को कम्युनिस्टों ने नष्ट किया। मंच पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, विनय कटियार, सूर्यप्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, अशोक कटारिया, नीलिमा कटियार, विद्यासागर सोनकर, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर और प्रदेश मंत्री अमरपाल मौर्य ने स्वागत किया।

गुना में सिंधिया को हराने का श्रेय स्वतंत्र देव को : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्र देव की सांगठनिक क्षमता की खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका प्रदेश अध्यक्ष बनना कार्यकर्ताओं का सम्मान है। कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश के चुनाव में स्वतंत्र देव के कार्यों की प्रशंसा करते हुए योगी ने अनुभव सुनाए। कहा कि मध्यप्रदेश के गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने का श्रेय स्वतंत्र देव को जाता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र देव का जैसा नाम है, वैसा ही काम है। परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने अपने विभाग को लाभकारी बना दिया।

स्वतंत्र की अगुवाई में आगे बढ़ेगा जीत का सिलसिला : महेंद्र पांडेय

भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमिता मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने जयश्री राम का नारा बुलंद करते हुए बात शुरू की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मोदी का जबसे पांव पड़ा, तबसे विजयश्री की राह खुली है। स्वतंत्र देव की अगुवाई में यह सिलसिला आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं ने कांग्रेस की प्रवृत्ति से मुक्त करने का नारा दिया और यह संयोग है कि स्वतंत्र देव का नाम माता-पिता ने कांग्रेस रखा था, लेकिन उन्होंने विधिक रूप से इसे बदल दिया। डॉ. पांडेय ने स्वतंत्र देव को पूरा भरोसा देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए अगर बूथ पर भी लगाना चाहेंगे तो मैं हाजिर रहूंगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.