Navratri 2020: राष्ट्रीय कथक संस्थान में कलाकारों ने शक्तिरूपा में संगीत से सशक्तिकरण का संदेश
लखनऊ के राष्ट्रीय कथक संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम शक्तिरूपा के अंतर्गत प्रतियोगिता वक्तव्य संगीत एवं नृत्य संरचना की प्रस्तुति दी गई। आयोजन के प्रथम चरण संवाद के अन्तर्गत अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर एवं पुलिस इंस्पेक्टर डॉ. रंजना गुप्ता मौजूद रहीं।
लखनऊ, जेएनएन। राष्ट्रीय कथक संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम शक्तिरूपा के अंतर्गत प्रतियोगिता, वक्तव्य, संगीत एवं नृत्य संरचना की प्रस्तुति दी गई। आयोजन के प्रथम चरण संवाद के अन्तर्गत अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर एवं पुलिस इंस्पेक्टर डॉ. रंजना गुप्ता मौजूद रहीं। इन्होंने अपने विचाराें एवं अनुभवाें को बालिकाआें, महिलाआें तथा दर्शकाें से साझा कर उन्हें पुलिस विभाग से कैसे सहायता ली जा सकती इस पर जागरूक किया।
दूसरे चरण में मेंहदी एवं फेस पेंटिंग पर आधारित प्रतियोगिता हुई। रंगोली प्रतियोगिता के अन्तर्गत विजेता छात्राएं बाल वर्ग में आशिका, अनन्या, पवित्रा, प्रिया, अंजलि अराध्या एवं युवा वर्ग में कीर्ति, शिवानी, मोनिका, अंत्राशी, संजीवनी नाथ रहीं। आकांक्षा, हिमानी, विकास, प्रखर, श्रेया शंकर, अंशिका को सांत्वना पुरस्कार मिला। श्रृंखला के तृतीय एवं अंतिम चरण में प्रिया सैनी एवं शिवम शुक्ल द्वारा युगल कथक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जो कथक गुरु बीना सिंह की शिष्या एवं शिष्य हैं। प्रिया सैनी एवं शिवम शुक्ल ने मां दुर्गा की वंदना से प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद पारंपरिक कथक नृत्य विलंबित लय में उपज, आमद, परन जुड़ी आमद, तिहाई के साथ मध्य लय में दुप्पल्ली, परन, लड़ी प्रस्तुत किया, इसके बाद द्रुत लय में जाति, यति के साथ काली परन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में मां जगदम्बा की स्तुति भवनी, दयानी के अभिनय के साथ नृत्य की प्रस्तुति दी। तबले पर प्रमोद कुमार मिश्र ने संगत की। गायन मो. इलियाज खान का रहा। सिन्थसाइजर पर कृष्ण कुमार मौर्या ने साथ दिया। आयोजन की परिकल्पना एवं अवधारणा राष्ट्रीय कथक संस्थान की सचिव सरिता श्रीवास्तव का रहा।