संस्कृत का प्रचार, उत्कृष्टता को पुरस्कार
लखनऊ विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहाल संस्कृत में शरीर के अंगों के नाम का उच्चारण कर
लखनऊ : विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहाल संस्कृत में शरीर के अंगों के नाम का उच्चारण करेंगे। साथ ही गिनती और श्लोक पढ़ेंगे। अच्छा प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम् द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्राइमरी से लेकर शोध कर रहे छात्रों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। संस्कृत संस्थानम् के आदेश को सभी जनपदों के डीआइओएस को जारी कर दिया गया है।
संस्थानम् के अध्यक्ष डॉ. वाचस्पति मिश्र ने बताया कि संस्कृत देववाणी है। इसके प्रचार-प्रसार के लिए और बच्चों में संस्कृत की रुचि बढ़े, इसलिए वाल्मीकि जयंती पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। सभी विद्यालय बच्चों का रजिस्ट्रेशन कराएंगे और 28 अक्टूबर तक प्रतियोगिताओं का ऑनलाइन आयोजन करेंगे। इसके बाद उसका रिजल्ट घोषित कर संस्थानम् को सूचना देंगे अथवा पोर्टल पर अपलोड करेंगे। 31 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर संस्थानम् द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का चयन किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार पाने वाले को 11 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार सात हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। सांत्वना पुरस्कार के रूप में चार लोगों को एक-एक हजार रुपये जाएंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि मंडल के समस्त विद्यालयों को यह प्रतियोगिता कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
--
ये होंगी प्रतियोगिताएं
- तीन वर्ष से पांच वर्ष तक के लिए : अंगों का संस्कृत में नाम उच्चारण और संस्कृत संख्या का ज्ञान
- कक्षा एक एवं दो के छात्रों के लिए : संस्कृत श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता
- कक्षा तीन, चार और पांच के लिए : स्त्रोत गान प्रतियोगिता
- कक्षा छह, सात और आठ के लिए : संस्कृत गीत प्रतियोगिता
- कक्षा नौ से 12 तक के लिए : संस्कृत कथा कथन प्रतियोगिता अभिनय के साथ
- स्नातक और स्नातकोत्तर के लिए : हास्य रस एवं कक्षा लेखन प्रतियोगिता
- कक्षा नौ और 10 के लिए : अष्टाध्यायी कंठस्थीकरण, तर्क संग्रह प्रतियोगिता
- कक्षा 11 और 12 के लिए : लघु सिद्धांत कौमुदी, अमरकोष कंठस्थीकरण प्रतियोगिता
- स्नातक, स्नातकोत्तर और शोधार्थी : बाल कविता रचना प्रतियोगिता
- स्नातक, स्नातकोत्तर और शोधार्थी : श्लोक समस्यापूर्ति प्रतियोगिता