विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिर्गी में राहत मिलने के बाद भी न करें लापरवाही, इलाज जारी रखें; दोबारा लौट सकती है बीमारी

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:55 PM (IST)

National Epilepsy Day 2026: भारत में करीब एक हजार में तीन से 11.9 प्रतिशत मिर्गी रोगी हैं। हर वर्ष नए मामलों की दर 1000 पर 0.2 से 0.6 प्रतिशत है।

राष्ट्रीय मिर्गी दिवस

राष्ट्रीय मिर्गी दिवस

HighLights

  1. राष्ट्रीय मिर्गी दिवस पर संजय गांधी पीजीआई से उपयोगी जानकारी

  2. दवा बंद करने से करीब 30% मरीजों में दोबारा बीमारी लौटने का खतरा रहता है, डॉक्टर की सलाह जरूरी

जागरण संवाददाता, लखनऊ। एपिलेप्सी (मिर्गी) के इलाज में सबसे बड़ी भूल दवा छोड़ना है। संजय गांधी पीजीआई के न्यूरोलाजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ रुचिका टंडन के मुताबिक, करीब 25 से 30 प्रतिशत मरीज दवा छोड़ने के बाद दोबारा बीमारी की चपेट में आ जाते हैं।

डॉ रुचिका टंडन ने बताया कि दौरा थमते ही लोग समझ लेते हैं कि बीमारी खत्म हो गई, लेकिन ऐसा नहीं है। भारत में करीब एक हजार में तीन से 11.9 प्रतिशत मिर्गी रोगी हैं। हर वर्ष नए मामलों की दर 1000 पर 0.2 से 0.6 प्रतिशत है। वर्तमान में भी कई परिवार सही इलाज से पहले दौरे को भूत-प्रेत समझकर झाड़-फूंक से ठीक करने में समय गंवाते हैं, जिससे इलाज में देरी होती है।

डॉ टंडन ने बताया कि इस समय इसका इलाज सिर्फ पुरानी दवाओं तक सीमित नहीं है। नई दवाओं जैसे लेवेटिरेसेटम, लैमोट्रिजिन, लैकोसामाइड, ब्रिवरेसेटम और पेरांपैनल से उन मरीजों को भी फायदा मिल रहा है, जिन पर पुरानी दवाएं असर नहीं करतीं। दवा से आराम न मिलने पर सर्जरी, वेगस नर्व स्टिमुलेशन, डीप ब्रेन स्टिमुलेशन और जैसे विकल्प भी हैं। नियमित दवा से करीब 70% से अधिक मरीजों के दौरे पूरी तरह नियंत्रित हो सकते हैं।

क्या है मिर्गी और लक्षण

एपिलेप्सी (मिर्गी) दिमाग की नसों में अचानक असामान्य विद्युत तरंगों से होने वाली बीमारी है। इसके लक्षण में सिर्फ हाथ-पैर झटकना ही नहीं हैं। अचानक गिर जाना, कुछ देर के लिए शून्य में ताकना, होश खो देना, अस्थायी भ्रम, हाथ-पैर में झटके, जीभ कटना या पेशाब निकल जाना भी दौरे के लक्षण हो सकते हैं।

डॉक्टर से कब मिलें

पहली बार दौरा पड़े, दौरा पांच मिनट से ज्यादा हो, एक के बाद एक दौरे आएं, सांस लेने में दिक्कत हो, गर्भावस्था में दौरा पड़े या चोट लगे तो तुरंत डाक्टर से मिलें। बार-बार बेहोशी, भूलने की शिकायत या व्यवहार में बदलाव को भी हल्के में न लें।

इलाज में क्या सावधानी बरतें

दवा प्रतिदिन एक ही समय पर लें, खुराक खुद घटाएं-बढ़ाएं नहीं, नींद पूरी लें, शराब से बचें, तेज रोशनी और मोबाइल की लत से बचें, गाड़ी चलाते समय और ऊंचाई पर अकेले काम करते समय सतर्क रहें। दौरा पड़ने पर मरीज को करवट दिलाएं, मुंह में कुछ न डालें और भीड़ न लगाएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।