यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी बोले-मुस्लिमों ने मुलायम को दी मौलाना की पदवी... उन्होंने मोदी को दे दिया आशीर्वाद
UP Assembly Election 2022 कांग्रेस के महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि मायावती केवल रुपयों की भूखी हैं। उन्हें न ...और पढ़ें

अंबेडकरनगर, संवादसूत्र। कांग्रेस के महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सपा, बसपा व भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव को मुस्लिमों ने मौलाना का दर्जा दिया, लेकिन मुलायम ने भाजपा से दोस्ती कर मोदी को प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया। सपा सरकार ने बुनकरों का भरोसा तोड़ दिया। चुनाव के दौरान सपा ने वादा किया था कि सरकार बनने के बाद प्रदेश में बुनकरों का मीटर तोड़कर सरजू नदी अथवा अन्य नदियों में फेंक दिया जाएगा। सपा की सरकार बनने के बाद बुनकरों के पावरलूमों से मीटर तो नहीं फेंके गए, उल्टे बुनकरों को नदी में कूदने की नौबत आ गई। वह शनिवार को जलालपुर के वाजिदपुर में कांग्रेस प्रत्याशी डा. रागिनी पाठक के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुझसे ज्यादा बसपा प्रमुख मायावती के विषय में कोई नहीं जानता। मायावती केवल रुपयों की भूखी हैं। उन्हें न ही देश और न जनता से कोई मतलब है। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस पार्टी के मुखिया समेत अन्य बड़े व छोटे नेता झूठ बोलते हैं। भाजपा जुमलेबाजों की पार्टी है। इसके नेता झूठ बोलकर जनता को ठग रहे हैं।
कहा, भाजपा का एक विधायक महिला की हत्या करा रहा है और दूसरा मंत्री पुत्र किसानों को गाड़ियों से रौंद रहा है। दोनों पीड़ित परिवारों को कांग्रेस ने करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जिसने हर वर्ग और क्षेत्र में विकास करके दिखाया है। कांग्रेस प्रत्याशी डा. रागिनी पाठक को विधायक बनाएं और महिला हूं लड़ सकती हूं के नारे को चरितार्थ करने में मदद करें। जिलाध्यक्ष अमित वर्मा, आलोक पाठक, सुशील कुमार, राजकुमार गुप्त, नजरे आलम, महली राजभर मौजूद रहे।