विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mulayam Singh Yadav Cremation: अखिलेश यादव ने दी मुखाग्नि, सपा संस्थापक मुलायम सिंह पंचतत्व में विलीन

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Tue, 11 Oct 2022 10:21 AM (IST)Updated: Tue, 11 Oct 2022 05:02 PM (IST)

Cremation of Mulayam Singh Yadav मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह को सैफई के मेला ग्राउंड में बने अंत्येष्टि स्थल ...और पढ़ें

Last Journey of Mulayam Singh Yadav: अखिलेश यादव ने दी मुखाग्नि। फोटो - दैनिक जागरण
Last Journey of Mulayam Singh Yadav: अखिलेश यादव ने दी मुखाग्नि। फोटो - दैनिक जागरण

लखनऊ, जेएनएन। Mulayam Singh Yadav Cremation: इस दौर में समाजवादी राजनीति के सबसे बड़े स्तंभ, पूर्व रक्षामंत्री व तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे 'धरतीपुत्र' मुलायम सिंह यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। सैफई में यादव परिवार की कोठी से करीब 500 मीटर दूर मेला ग्राउंड पर उनके पुत्र और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पूर्व राष्ट्रीय सम्मान के साथ तिरंगे में लाए गए उनके पार्थिव शरीर को मंत्रोच्चार के बीच वैदिक रीति से स्नान कराया गया। चंदन की चिता पर सोए लोहिया के शिष्य मुलायम के अंतिम दर्शन के लिए लाखो लोग सैफई पहुंचे।

मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े राजनेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अपने लोक प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए सैफई के मेला ग्राउंड में लोगों की भारी भीड़ एकत्र रही। पार्टी समर्थकों और मुलायम सिंह को चाहने वाले लोगों के चेहरे पर उनसे बिछड़ने का गम साफ महसूस किया जा सकता था। इससे पूर्व धरतीपुत्र के अंतिम दर्शन करने के लिए एक तरफ लाखों लोगों का हुजूम था तो दूसरी तरफ देशभर से वीआईपी भी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सैफई पहुंचे। ये सिलसिला सुबह से शुरू हुआ जो शाम तक चलता रहा

गुरुग्राम के मेदांता अस्पातल में हुआ था निधन

मालूम हो कि, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार सुबह मुलायम सिंह यादव ने अंतिम सांस ली थी। उनकी मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में समर्थकों और परिजन की भारी भीड़ जुट गई ती। गुरुग्राम से रोड मार्ग के जरिए मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह को इटावा के सैफई लाया गया। इस दौरान सैकड़ों गाड़ियों का काफिला मुलायम सिंह की पार्थिव देह ले जा रही एंबुलेंस के साथ चलता रहा। सैफई के मेला ग्राउंड में उनके पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।

पीएम नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ की ओर से पुष्पांजलि

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भले ही आज सैफई में मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उनकी तरफ से नेताजी की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र समर्पित किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सैफई के मेला ग्राउंड में मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन किया। उनकी तरफ से पुष्पचक्र भी समर्पित किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ की तरफ से भी सेना के जवानों ने पूर्व रक्षा मंत्री की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र चढ़ाया।

नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए समाजवादी पार्टी के नेता मनोज कुमार पांडेय, रामगोविंद चौधरी, अम्बिका चौधरी तथा ओम प्रकाश सिंह भी पहुंचे। राष्ट्रीय लोकदल से राज्यसभा के सदस्य जयंत चौधरी तथा उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने भी उनका अंतिम दर्शन किया। किसान नेता राकेश टिकैत तथा योग गुरु बाबा रामदेव ने भी मुलायम सिंह यादव को नमन किया।

केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने किया अंतिम दर्शन, अखिलेश को बंधाया ढांढस

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ ही कैबिनेट मंत्री डा. संजय निषाद ने सैफई मेला मैदान में बने अंत्येष्टि स्थल पर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह भी उनके साथ थे। नेताजी का अंतिम दर्शन करने के बाद केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी भेंट की। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव को ढांढस भी बंधाया।

एन.चंद्रबाबू नायडू ने किया अंतिम दर्शन

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तेलुगु देशम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू मंगलवार को दोपहर में इटावा के सैफई पहुंचे। उन्होंने पंडाल में जाकर समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का अंतिम दर्शन किया। इस दौरान वह काफी भावुक हो गए। लोकसभा में मुलायम सिंह यादव के संबोधन से नायडू काफी प्रभावित रहते थे।

सैफई में आज मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार से पहले उनके दर्शन के लिए लोग को उमड़ रहे हैं। परिवार के सभी लोगों ने नम आंखों से नेताजी को विदाई दी। मेला ग्राउंड में उनके दर्शन के लिए दिग्गजों और समर्थको का जमावड़ा है। सैफई में आज दोपहर तीन बजे नेताजी के अंतिम संस्कार को लेकर सैफई में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

गगनभेदी नारों के बीच मुलायम की पार्थिव देह लाई गई पंडाल

पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पार्थिव देह को उनके आवास से रथ पर सैफई महोत्सव पंडाल ले जाया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों ने 'जब तक सूरज चांद रहेगा नेताजी का नाम रहेगा' के नारे लगाए। भारी भीड़ के बीच गगनभेदी नारों के बीच रथ यात्रा सैफई पंडाल पहुंची। यहां पर महोत्सव मंच पर उनके पार्थिव शरीर को रखा गया। रथ पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव भी साथ में थे।

मेला ग्राउंड के पास ही मुलायम सिंह यादव उनकी समाधि का भी निर्माण होगा। अंतिम संस्कार के दौरान देश के कई दिग्गजों के आने के कारण सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी अंतिम दर्शन किए। मेनका गांधी और उनके पुत्र वरुण गांधी ने भी सैफई पहुंचकर नेताजी के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने भी श्रद्धांजलि दी।

अखिलेश और डिंपल यादव ने पिलाया गंगा जल

इटावा के सैफई में मुलायम सिंह यादव की कोठी में उनके अंतिम संस्कार की तैयारी के प्रारंभ में नेताजी के बड़े पुत्र अखिलेश यादव ने उनके मुंह में गंगा जल डाला। नेताजी के अंतिम यात्रा पर निकलने से पहले अखिलेश यादव ने उनको अपने हाथ से गंगा जल पिलाया। उनके साथ उनकी पत्नी पूर्व सांसद डिंपल यादव ने भी नेताजी के मुंह में गंगा जल डाला।

काफी भावुक हो गए ओम प्रकाश राजभर व इंद्रजीत सरोज

मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए इटावा के सैफई पहुंचे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर काफी भावुक हो गए। उन्होंने नेताजी को अपना संरक्षक भी बताया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने भी नेताजी को सच्चा समाजवादी बताया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।